नसियां जी में 175 पौधों का वृक्षारोपण, 24 तीर्थंकरों के नाम अपनाए परिवार

शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर नसियां जी में समाजजनों द्वारा वृक्षारोपण करते हुए।
नसियां जी में 24 तीर्थंकरों के नाम से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।

शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में महिलाओं के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण अभियान, सैकड़ों समाजजन बने सहभागी।

गंगापुर सिटी। शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, नसियां जी में रविवार को दिगंबर जैन समाज के सानिध्य में वरिष्ठ एवं युवा महिलाओं के नेतृत्व में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन मोनिका जैन ने किया। धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित इस अभियान में समाज के सैकड़ों महिला-पुरुषों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत शांतिनाथ भगवान के अभिषेक एवं पूजन से हुई। इसके बाद 24 तीर्थंकरों के नाम से 24 पौधों का रोपण किया गया। प्रत्येक परिवार को एक तीर्थंकर के नाम की पट्टिका देकर उस पौधे के संरक्षण एवं देखभाल की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अतिरिक्त समाजजनों ने 151 फलदार, फूलदार एवं छायादार पौधों का भी रोपण किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालु भगवान के भजनों के साथ पौधारोपण करते रहे, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।

समाज प्रवक्ता लोकेश सौगानी ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां लगभग 10 दिन पहले शुरू कर दी गई थीं। नगर परिषद की शहरी मनरेगा योजना के सहयोग से भूमि की सफाई एवं गड्ढों की खुदाई का कार्य कराया गया। समाज के अध्यक्ष प्रवीण गंगवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ धार्मिक मूल्यों को जोड़ने का यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायी है।

यह संपूर्ण आयोजन अशोक पांड्या के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई। संयोजक मोनिका जैन ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी समाजजनों का आभार व्यक्त किया।