‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विद्यार्थियों को पौधे वितरित, विद्यालय परिसर में 200 पौधों का हुआ रोपण।
गंगापुर सिटी। हरियालो राजस्थान कार्यक्रम एवं “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत सोमवार को पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंगापुर सिटी में पौधारोपण एवं पौधों के वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती राजेंद्री मीना के निर्देशन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों को 700 पौधों का वितरण किया गया। प्रधानाचार्य श्रीमती राजेंद्री मीना ने विद्यार्थियों से केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उनकी नियमित देखभाल, सुरक्षा एवं समय-समय पर सिंचाई करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने प्रत्येक विद्यार्थी को लगाए गए पौधों की जियो टैगिंग करने के भी निर्देश दिए, ताकि पौधों की निगरानी एवं संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में भी 200 पौधों का रोपण किया गया। संस्था प्रधान ने स्वयं पौधारोपण कर विद्यार्थियों एवं स्टाफ को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें संरक्षित करने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
इस अभियान में विद्यालय स्टाफ ने भी सक्रिय सहयोग दिया। कार्यक्रम में रूपसिंह मीना, कृष्णफूल मीना, सुमेर सिंह गुर्जर, अशोक कुमार शर्मा, ब्रजेन्द्र कुमार शर्मा (व्याख्याता) तथा स्काउट प्रभारी अशोक कुमार बैस सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
