26 जुलाई को नसियां जी परिसर में पर्यावरण संरक्षण अभियान, परिवार सहित समाजजनों से पौधारोपण में सहभागिता की अपील
गंगापुर सिटी। चातुर्मास के पावन आगमन के अवसर पर दिगंबर जैन समाज के नेतृत्व एवं समाज की वरिष्ठ एवं युवा मातृशक्ति के सौजन्य से 26 जुलाई (रविवार) को शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, नसियां जी परिसर में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है।
आयोजन के तहत जैन धर्म के 24 तीर्थंकरों की स्मृति में 24 विशेष वृक्षों का रोपण किया जाएगा। जैन परंपरा के अनुसार 24 तीर्थंकरों ने विभिन्न पवित्र वृक्षों के नीचे तपस्या कर केवल्यज्ञान प्राप्त किया था। इसी भावना को जीवंत रखने के लिए यह अनूठा आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही अधिक से अधिक पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 9 बजे से प्रारंभ होगा। आयोजकों ने समाज के सभी वरिष्ठजनों, युवाओं, मातृशक्ति एवं बच्चों से परिवार सहित उपस्थित होकर कम से कम एक पौधा लगाने और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में अपना योगदान देने का आग्रह किया है।
संयोजक मोनिका जैन ने बताया कि कार्यक्रम का संदेश “एक पेड़ – एक ज़िंदगी, हर घर – एक पेड़” को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति संरक्षण का यह अभियान समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास होगा।
