VIDEO वायरल: लड़ाई के बाद एक छात्रा बेहोश, तमाशबीन हंसते रहे, प्रबंधन ने 3 को किया सस्पेंड
हरियाणा के करनाल में ITI के बाहर छात्राओं के बीच हुई हिंसक झड़प ने सभी को चौंका दिया।इस घटना के तीन वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।वीडियो में साफ दिख रहा है कि छात्राएं सड़क के बीच एक-दूसरे पर टूट पड़ीं।
पहले वीडियो में छह छात्राएं आपस में लड़ती नजर आ रही हैं।दो छात्राएं सड़क पर गिरकर थप्पड़ और घूंसे मारती दिखती हैं।वहीं,एक छात्रा दूसरी को बालों से पकड़कर घसीटती है।पीछे से कुछ लोगों की आवाज आती है—“पकड़, पकड़।”
दूसरे वीडियो में माहौल और ज्यादा हिंसक हो जाता है।एक छात्रा दूसरी के बाल पकड़े खड़ी रहती है।तभी तीसरी छात्रा बेल्ट निकालकर हमला कर देती है।कुछ युवक बीच-बचाव की कोशिश करते हैं,लेकिन हमलावर छात्रा रुकने को तैयार नहीं होती।वह लात मारती है और उंगली दिखाकर धमकी भी देती है।
तीसरे वीडियो में झगड़ा और बढ़ जाता है।दो अलग-अलग समूहों में छात्राएं लड़ती दिखती हैं।एक छात्रा लगातार बेल्ट से वार करती है।कुछ देर बाद झगड़े में शामिल एक छात्रा बेहोश होकर गिर जाती है।इसके बाद अन्य छात्राएं और युवक उसे संभालते हैं।
इस पूरी घटना के दौरान कई लोग हंसते हुए तमाशा देखते रहे।वीडियो वायरल होने के बाद ITI प्रबंधन हरकत में आया।प्राथमिक जांच में सामने आया कि घटना 13 जनवरी की है।विवाद का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
ITI के प्रिंसिपल राकेश भाटिया ने बताया कि तीन छात्राओं की पहचान कर उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।साथ ही उनके माता-पिता को भी संस्थान बुलाया गया है।मामले की जांच जारी है।
