पुंछ-सांबा में ड्रोन दिखे, सेना ने एंटी-ड्रोन सिस्टम एक्टिव किया; राजौरी में 3 किलो IED भी बरामद
Pakistani Drone Near LoC: जम्मू-कश्मीर में सीमा सुरक्षा को लेकर सतर्कता और बढ़ा दी गई है। गुरुवार शाम पुंछ और सांबा जिलों के पास लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) और इंटरनेशनल बॉर्डर क्षेत्र में संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन मंडराते नजर आए। रामगढ़ सेक्टर में ड्रोन जैसी गतिविधि दिखाई देने के बाद सेना ने तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए अपने एंटी-अनमैन्ड एरियल सिस्टम (Anti-Drone System) को एक्टिव कर दिया।
सेना सूत्रों के अनुसार, पुंछ में LoC के पास एक पोस्ट के नजदीक ड्रोन देखा गया। वहीं सांबा के रामगढ़ सेक्टर में इंटरनेशनल बॉर्डर पर भी एक अन्य ड्रोन स्पॉट किया गया। इन घटनाओं के बाद सीमा पर तैनात जवानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और निगरानी प्रणाली को और मजबूत किया गया है।
Pakistani Drone Near LoC
बताया जा रहा है कि पिछले पांच दिनों में यह तीसरी बार है जब पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए हैं। इससे पहले 13 जनवरी को राजौरी में दो बार ड्रोन दिखे थे, जिस पर सेना ने फायरिंग की थी। फायरिंग के बाद ड्रोन पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) की ओर लौट गए थे। वहीं 11 जनवरी को नौशेरा, धरमसाल, रियासी, सांबा और पुंछ के मंकोट सेक्टर में एक साथ पांच ड्रोन देखे जाने की रिपोर्ट सामने आई थी।
इसी दिन राजौरी के काकोरा गांव में एंटी-टेरर ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने करीब 3 किलो वजन का संदिग्ध IED भी बरामद किया, जिसे बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि ड्रोन का उपयोग घुसपैठ, हथियार या नशीले पदार्थ गिराने और सेना की पोजिशन की रेकी के लिए किया जा रहा है। गणतंत्र दिवस को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।
