भारतीय रेलवे का बड़ा फैसला: 24 कोचों के साथ दौड़ेगी ‘महा-वंदे भारत’

24 coach Vande Bharat sleeper train
24 कोचों वाली महा वंदे भारत स्लीपर ट्रेन

अब नहीं होगी वेटिंग की टेंशन, स्लीपर ट्रेन की क्षमता में ऐतिहासिक बढ़ोतरी

यात्रियों के दिल में जगह बना चुकी है वंदे भारत स्लीपर

भारतीय रेलवे की पहली सेमी हाई-स्पीड स्लीपर ट्रेन वंदे भारत स्लीपर इन दिनों देशभर में चर्चा का विषय बनी हुई है। गुवाहाटी से हावड़ा के बीच चल रही यह ट्रेन लॉन्च होते ही यात्रियों की पहली पसंद बन गई। पहले ही दिन टिकट बुकिंग शुरू होते ही कुछ ही घंटों में सभी सीटें फुल हो गईं। इसके बाद वेटिंग लिस्ट तेजी से बढ़ने लगी। यात्रियों की इस जबरदस्त प्रतिक्रिया को देखते हुए रेलवे ने बड़ा और अहम फैसला लिया है।

कोचों की संख्या बढ़ाकर खत्म होगी वेटिंग की समस्या

भारतीय रेलवे ने तय किया है कि स्लीपर वंदे भारत ट्रेन में कोचों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इस कदम का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा यात्रियों को कंफर्म टिकट उपलब्ध कराना है। फिलहाल यह ट्रेन 16 कोचों के साथ चल रही है। अब इसे 24 कोचों वाले नए अवतार में उतारने की तैयारी की जा रही है। इस बदलाव से ट्रेन की यात्री क्षमता में करीब 50 प्रतिशत तक का इजाफा होगा।

सीटों के आंकड़े पूरी तरह बदल जाएंगे

वर्तमान में 16 कोचों वाली स्लीपर वंदे भारत में कुल 823 बर्थ उपलब्ध हैं।24 कोच जुड़ने के बाद यह संख्या बढ़कर 1,224 बर्थ हो जाएगी। यानी सीटों में सीधे तौर पर एक-तिहाई से ज्यादा की बढ़ोतरी होगी। इससे वेटिंग की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी। लंबी दूरी की यात्रा अब पहले से ज्यादा आसान और आरामदायक होगी।

चेन्नई की ICF फैक्ट्री में बनेगा नया प्रोटोटाइप

‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत 24 कोच वाली महा वंदे भारत का निर्माण चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री में किया जाएगा।
रेलवे के मास्टर प्लान के अनुसार इसका नया डिजाइन तैयार किया जा रहा है। इस ट्रेन का पहला प्रोटोटाइप 2026 के अंत तक ट्रैक पर आने की उम्मीद है। नई रचना में 17 AC-3 टियर, 5 AC-2 टियर, 1 फर्स्ट क्लास AC और 1 आधुनिक पैंट्री कार शामिल होगी।

‘सुपर स्लीपर’ वंदे भारत की दमदार खूबियां

24 कोचों वाली वंदे भारत स्लीपर आधुनिक तकनीक और आराम का शानदार मेल होगी। यह ट्रेन 160 किलोमीटर प्रति घंटे की टॉप स्पीड से दौड़ेगी। यात्रियों को रीडिंग लाइट, मोबाइल और लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट की सुविधा मिलेगी। वैक्यूम टॉयलेट्स सफर को और स्वच्छ बनाएंगे। वाई-फाई और इन्फोटेनमेंट सिस्टम से यात्रा और भी मनोरंजक होगी। दिव्यांग यात्रियों के लिए खास रैंप और समर्पित टॉयलेट्स की व्यवस्था की गई है। रिजनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम बिजली की बचत में मदद करेगा।

वंदे भारत सीरीज की सबसे लंबी ट्रेन

अब तक देश में 8, 16 और कुछ रूट्स पर 20 कोचों वाली वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं। 24 कोचों वाली यह वंदे भारत स्लीपर सीरीज की सबसे लंबी ट्रेन होगी। रेलवे का यह फैसला भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ प्रीमियम रेल यात्रा को नया आयाम देगा।

Read More :- कटरा में मां के भक्तों के लिए खुशखबरी, अब और भी हरा-भरा दिखेगा त्रिकूट पर्वत