मकर संक्रांति पर श्रद्धा का सैलाब: प्रयागराज में 91 लाख ने किया स्नान, पतंगबाजी से 2 दिन में 17 मौतें

मकर संक्रांति पर प्रयागराज संगम में श्रद्धालुओं की भीड़
मकर संक्रांति स्नान पर्व पर संगम में आस्था की डुबकी लगाते श्रद्धालु

देशभर में नदी स्नान, मंदिरों में विशेष पूजा; पीएम मोदी ने गायों को चारा खिलाया, हादसों ने बढ़ाई चिंता

नई दिल्ली/प्रयागराज। देशभर में मकर संक्रांति का पर्व गुरुवार को भी पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। गंगा, यमुना, नर्मदा सहित प्रमुख नदियों के तटों पर तड़के से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्रयागराज माघ मेले में मकर संक्रांति के पावन स्नान पर्व पर शाम तक 91 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई। प्रशासन के मुताबिक, दिनभर में करीब डेढ़ करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश के वाराणसी, पश्चिम बंगाल के गंगासागर, पंजाब के अमृतसर स्थित सचखंड श्री दरबार साहिब समेत देश के कई पवित्र स्थलों पर श्रद्धालुओं ने स्नान कर पुण्य अर्जित किया। वहीं उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल का तिल के तेल से अभिषेक किया गया। भस्म आरती में भी तिल अर्पित किए गए और तिल के लड्डुओं का भोग लगाया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मकर संक्रांति के अवसर पर अपने आवास पर गायों को चारा खिलाकर पर्व का संदेश दिया। हालांकि, त्योहार की खुशियों के बीच पतंगबाजी से हुए हादसों ने चिंता भी बढ़ाई है। बीते दो दिनों में गुजरात में 9, राजस्थान में 6, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में 1-1 व्यक्ति की मौत हो चुकी है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने की अपील की है।

Read More :- भीलवाड़ा के सांगानेर में गूंजेगा हिंदू एकता का शंखनाद, 1 फरवरी को होगा विराट हिंदू सम्मेलन