भीलवाड़ा के सांगानेर में गूंजेगा हिंदू एकता का शंखनाद, 1 फरवरी को होगा विराट हिंदू सम्मेलन

भीलवाड़ा के सांगानेर में हिंदू सम्मेलन की तैयारियां
1 फरवरी को सांगानेर में आयोजित होने वाला विराट हिंदू सम्मेलन

प्रभात फेरी, भव्य कलश यात्रा और महासंगम के जरिए सामाजिक समरसता व सांस्कृतिक एकता का संदेश देगा आयोजन

भीलवाड़ा। राजस्थान की वस्त्र नगरी भीलवाड़ा का उपनगर सांगानेर आगामी 1 फरवरी को हिंदू समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना का साक्षी बनने जा रहा है। यहां विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रभात फेरी, भव्य कलश यात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और महासंगम के माध्यम से सामाजिक समरसता और हिंदू एकता का संदेश दिया जाएगा।

इस ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए रविवार सायंकाल नामदेव समाज मंदिर में सकल हिंदू समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के प्रबुद्ध जनों और पदाधिकारियों ने आयोजन को भव्य और अनुशासित रूप देने का संकल्प लिया। क्षेत्र में पहले से ही उत्साह का माहौल है और सांगानेर की गलियां केसरिया रंग में रंगती नजर आ रही हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल भव्य प्रभात फेरी से होगी, जो पूरे सांगानेर में हिंदू जागरण का संदेश पहुंचाएगी। इसके बाद मातृशक्ति के नेतृत्व में निकलने वाली कलश यात्रा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी। सिर पर मंगल कलश धारण कर सैकड़ों महिलाएं भक्ति गीतों के साथ नगर भ्रमण करेंगी।

दोपहर में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और प्रख्यात वक्ताओं के ओजस्वी उद्बोधन होंगे, जिनमें हिंदू संस्कृति, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक एकता पर विचार रखे जाएंगे। आयोजन की व्यवस्था के लिए स्वागत, भोजन और प्रचार समितियों का गठन किया गया है।

सम्मेलन का समापन महाप्रसादी और सामूहिक भोज के साथ होगा, जो “एक जाजम, एक समाज” की भावना को साकार करेगा। सकल हिंदू समाज ने क्षेत्रवासियों से सपरिवार सहभागिता का आह्वान किया है।

Read More :- Earthquake: ओरेगॉन में 6.2 तीव्रता का भूकंप, धरती के भीतर 10 किमी था केंद्र