गाड़ी से उतरते ही बदमाशों ने किया हमला, 3 गोलियां लगने से कारोबारी की मौत, गार्ड और भाई पर भी फायरिंग
बिहार के पूर्णिया जिले में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। मरंगा थाना क्षेत्र के नेवालाल चौक के पास बदमाशों ने मक्का कारोबारी सूरज बिहारी उर्फ सूरज यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। वह शहर के सबसे बड़े मक्का गोदाम के मालिक थे और हमेशा सुरक्षा के लिहाज से निजी गार्ड के साथ चलते थे। इसके बावजूद हमलावरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया।
गाड़ी से उतरते ही शुरू हुई फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सूरज बिहारी जैसे ही अपनी गाड़ी से उतरे, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। करीब 5 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से 3 गोलियां सीधे सूरज को लगीं। पहली गोली उनकी पीठ में, दूसरी कमर के ऊपर और तीसरी बांह में मारी गई। गंभीर रूप से घायल सूरज बिहारी की मौके पर ही मौत हो गई।
बचाने दौड़े गार्ड और भाई पर भी हमला
फायरिंग के दौरान सूरज बिहारी को बचाने के लिए उनके निजी गार्ड प्रेम कुमार और फुफेरे भाई आगे बढ़े। हालांकि बदमाशों ने उन पर भी गोलियां चला दीं। जान का खतरा देखते हुए दोनों किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
भाई को बंधक बनाए जाने से जुड़ा मामला
प्राइवेट गार्ड प्रेम कुमार ने बताया कि घटना से पहले सूरज बिहारी के छोटे भाई उदय यादव का विवाद स्थानीय युवकों से हुआ था। पहले सरस्वती पूजा के दिन इंस्टाग्राम रील बनाने को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसे तब सुलझा लिया गया था। लेकिन मंगलवार सुबह दोबारा विवाद बढ़ गया। आरोप है कि ब्रजेश सिंह और नंदू सिंह ने अपने गुर्गों के साथ उदय यादव को बंधक बना लिया और मारपीट की।
समझौते के बहाने बुलाकर हत्या
उदय यादव ने खुद को बंधक बनाए जाने की सूचना बड़े भाई सूरज बिहारी को दी। इसके बाद सूरज अपने गार्ड के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि नंदू और ब्रजेश सिंह ने समझौते के बहाने बुलाकर पहले से साजिश के तहत सूरज की हत्या कर दी।
पुलिस जांच और राजनीतिक प्रतिक्रिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेजा गया। परिवार ने नेवालाल चौक निवासी ब्रजेश सिंह और नंदू सिंह पर हत्या का आरोप लगाया है। दोनों घटना के बाद से फरार हैं। वहीं सांसद पप्पू यादव अस्पताल पहुंचे और पुलिस पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
