सवाई माधोपुर के आदर्श नगर ए में फिर हुआ हादसा, पहले भी जा चुकी हैं जानें; लोगों ने उठाए सवाल
बारिश के दौरान करंट से गोवंश की मौत
सवाई माधोपुर में मंगलवार को बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया। शहर के आदर्श नगर ए इलाके में सड़क के बीचों-बीच खड़े एक बिजली के पोल में करंट दौड़ गया। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक गाय करंट की चपेट में आ गई। कुछ ही पलों में गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
बच्चों की मौजूदगी होती तो बढ़ सकता था खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के वक्त गनीमत रही कि आसपास कोई बच्चा मौजूद नहीं था। यदि उस समय बच्चे वहां खेल रहे होते, तो यह हादसा और भी बड़ा रूप ले सकता था। बारिश के कारण सड़क गीली थी और बिजली पोल के आसपास पानी भरा हुआ था, जिससे करंट पूरे क्षेत्र में फैल गया।
सड़क के बीच खड़ा है बिजली का खंभा
स्थानीय निवासी जयप्रकाश जांगिड़ ने बताया कि आदर्श नगर ए में यह बिजली का खंभा लंबे समय से सड़क के बीचों-बीच लगा हुआ है। इससे हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है। बारिश के समय इस पोल में बार-बार करंट आ जाता है। इससे पहले भी इसी स्थान पर दो जानवरों की मौत हो चुकी है।
शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
कॉलोनीवासियों का आरोप है कि इस खतरनाक पोल को लेकर बिजली निगम के अधिकारियों को कई बार शिकायत दी गई। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते पोल को हटाया या सुरक्षित किया जाता, तो यह हादसा टल सकता था।
पोल हटाने की मांग तेज
घटना के बाद कॉलोनीवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों ने मांग की है कि सड़क के बीच लगे इस बिजली के पोल को तुरंत हटाया जाए। साथ ही बारिश के मौसम में बिजली लाइनों की नियमित जांच की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे न हों।
नगर परिषद क्षेत्र में हुई थी हल्की बारिश
गौरतलब है कि सवाई माधोपुर नगर परिषद क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब 15 मिनट तक हल्की बारिश हुई थी। बारिश के तुरंत बाद यह हादसा सामने आया, जिसने एक बार फिर बिजली व्यवस्था की पोल खोल दी।
