कॉर्डोबा के अडामुज इलाके में दर्दनाक हादसा, 100 से ज्यादा यात्री घायल
दक्षिणी स्पेन से एक दिल दहला देने वाला रेल हादसा सामने आया है। कॉर्डोबा प्रांत के अडामुज इलाके के पास दो हाई-स्पीड ट्रेनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में अब तक कम से कम 21 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं 100 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब एक हाई-स्पीड ट्रेन अचानक पटरी से उतर गई। इसके बाद ट्रेन दूसरी लाइन पर चली गई। उसी ट्रैक पर सामने से आ रही दूसरी ट्रेन से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे की भयावह तस्वीर
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पहली ट्रेन का एक डिब्बा पूरी तरह पलट गया। कई डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। लोगों को कुछ समझने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस अधिकारियों ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि मृतकों की संख्या 21 तक पहुंच चुकी है। वहीं सरकारी प्रसारक टेलीविजन एस्पान्योला के अनुसार 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
घायलों की हालत गंभीर
रिपोर्ट के मुताबिक, घायलों में से करीब 25 यात्रियों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। सभी को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे में मैड्रिड से हुएल्वा जा रही ट्रेन का ड्राइवर भी जान गंवाने वालों में शामिल है। यात्रियों ने बताया कि टक्कर का झटका किसी तेज भूकंप जैसा महसूस हुआ। डिब्बों के अंदर चीख-पुकार मच गई। कई यात्रियों को बाहर निकलने के लिए इमरजेंसी हथौड़ों से खिड़कियां तोड़नी पड़ीं।
प्रशासन और सरकार की प्रतिक्रिया
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दोनों ट्रेनों में मिलाकर करीब 400 यात्री सवार थे। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। मैड्रिड क्षेत्र की अध्यक्ष इसाबेल डियाज़ आयुसो ने एंडालूसिया प्रशासन को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर मैड्रिड के अस्पताल घायलों के इलाज के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
रेल सेवाएं रोकी गईं
सुरक्षा और जांच को ध्यान में रखते हुए फिलहाल मैड्रिड और एंडालूसिया के बीच रेल सेवाएं पूरी तरह रोक दी गई हैं। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
