प्रयागराज में एयरफोर्स का ट्रेनिंग विमान क्रैश, तालाब में गिरा एयरक्राफ्ट; VIDEO आया सामने

Airforce training plane crash in Prayagraj
प्रयागराज में तालाब में गिरा एयरफोर्स का ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट

हवा में डगमगाया प्लेन, पैराशूट से कूदे पायलट; माघ मेला क्षेत्र से 3 किमी दूर हादसा

शहर के बीचों-बीच हुआ हादसा

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब भारतीय वायुसेना का ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश होकर तालाब में गिर गया। यह घटना दोपहर करीब 12:20 बजे केपी कॉलेज के पीछे हुई, जो शहर का घनी आबादी वाला इलाका है। राहत की बात यह रही कि 2-सीटर विमान में सवार दोनों पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं।

हवा में डगमगाया और फिर गिरा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एयरक्राफ्ट उड़ान के दौरान अचानक हवा में डगमगाने लगा। कुछ ही पलों बाद पायलटों ने स्थिति को भांपते हुए पैराशूट के जरिए छलांग लगा दी। दोनों पायलट तालाब में गिरे और दलदल में फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

माघ मेला क्षेत्र से सिर्फ 3 किमी दूर

जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां से माघ मेला क्षेत्र की दूरी करीब 3 किलोमीटर है। आसपास स्कूल और रिहायशी कॉलोनियां भी मौजूद हैं। यदि विमान आबादी वाले क्षेत्र में गिरता, तो बड़ा नुकसान हो सकता था। पायलटों की सूझबूझ से किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जलकुंभी से भरा तालाब, रेस्क्यू चुनौतीपूर्ण

जिस तालाब में एयरक्राफ्ट गिरा, वहां चारों ओर घनी जलकुंभी फैली हुई है। इसी वजह से शुरुआती समय में एयरक्राफ्ट तक पहुंचना मुश्किल रहा। मौके पर सेना, फायर ब्रिगेड, SDRF और NDRF की टीमें मौजूद हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

तकनीकी खराबी बताई जा रही वजह

डिफेंस विंग कमांडर के PRO देबार्थों धर ने बताया कि यह माइक्रोलाइट ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट था, जिसने दोपहर 12:15 बजे बमरौली एयरफोर्स स्टेशन से उड़ान भरी थी। उड़ान के तुरंत बाद इसमें तकनीकी खराबी आ गई। पायलटों ने विमान को सुनसान इलाके की ओर मोड़ दिया, जिससे आम लोगों की जान-माल सुरक्षित रही।

कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश

वायुसेना ने हादसे के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी।

Read More :- राम नगरी अयोध्या में आस्था का सैलाब, 10 दिन में 12 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन