शहरी सेवा शिविर अभियान 2026: नगर परिषद और नगर पालिकाओं में वार्डवार लगेंगे विशेष शिविर

गंगापुर सिटी और सवाई माधोपुर में आयोजित शहरी सेवा शिविर अभियान 2026 की जानकारी
शहरी सेवा शिविर अभियान 2026 के तहत नगर परिषद और नगर पालिकाओं में वार्डवार विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।

15 जुलाई तक चलेगा सेवा पखवाड़ा, सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेंशन, आवास और विभिन्न जनसेवाओं का मिलेगा लाभ

सवाई माधोपुर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में शहरी सेवा शिविर अभियान-2026 के तहत 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक विशेष सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत नगर परिषद एवं नगर पालिकाओं में वार्डवार शिविर लगाकर आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा।

जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि शिविर प्रतिदिन प्रातः 9:30 बजे से सायं 6 बजे तक आयोजित होंगे। इन शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न शहरी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है, जिससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

विभिन्न नागरिक सुविधाओं का मिलेगा लाभ

शिविरों में नगर निकायों से संबंधित अनेक कार्यों का निस्तारण किया जाएगा। इनमें साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट रिपेयर, नई स्ट्रीट लाइट स्थापना, सीवरेज कनेक्शन एवं मरम्मत, सार्वजनिक पार्कों की सफाई, ट्रेड लाइसेंस, फायर एनओसी, स्ट्रीट वेंडर पंजीकरण, उपविभाजन एवं एकीकरण, लीज मुक्ति प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न सेवाएं शामिल हैं।

इसके अलावा जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीकरण आवेदन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम 2.0) के तहत घरेलू शौचालय निर्माण संबंधी आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे।

सवाई माधोपुर नगर परिषद में इस सप्ताह का कार्यक्रम

जिला प्रशासन के अनुसार नगर परिषद सवाई माधोपुर क्षेत्र में:

  • 15 एवं 16 जून को वार्ड संख्या 1 से 6 तक
  • 18 एवं 19 जून को वार्ड संख्या 7 से 12 तक

के लिए शिविर नगर परिषद परिसर सवाई माधोपुर में आयोजित किए जाएंगे।

गंगापुर सिटी नगर परिषद में वार्डवार शिविर

नगर परिषद गंगापुर सिटी क्षेत्र में:

  • 15 जून को वार्ड संख्या 1 से 6 तक
  • 16 एवं 18 जून को वार्ड संख्या 7 से 12 तक
  • 19 एवं 22 जून को वार्ड संख्या 13 से 18 तक

के नागरिकों के लिए शिविर नगर परिषद सभागार गंगापुर सिटी में लगाए जाएंगे।

बामनवास नगर पालिका में निर्धारित तिथियां

नगर पालिका बामनवास क्षेत्र में:

  • 15 जून – वार्ड संख्या 2
  • 16 जून – वार्ड संख्या 3
  • 18 जून – वार्ड संख्या 4
  • 19 जून – वार्ड संख्या 5

के लिए शिविर नगर पालिका कार्यालय बामनवास में आयोजित होंगे।

वजीरपुर में भी होंगे शिविर

नगर पालिका वजीरपुर क्षेत्र में:

  • 15 जून – वार्ड संख्या 2
  • 16 जून – वार्ड संख्या 3
  • 18 जून – वार्ड संख्या 4
  • 19 जून – वार्ड संख्या 5

के लिए नगर पालिका कार्यालय वजीरपुर में शहरी सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे।

बौंली और खंडार में भी मिलेगा लाभ

नगर पालिका बौंली क्षेत्र में 15 जून से 24 जून तक वार्ड संख्या 1 से 10 तक के लिए शिविर नगर पालिका सभागार बौंली में लगाए जाएंगे। वहीं नगर पालिका खंडार क्षेत्र में वार्ड संख्या 1 से 25 तक के नागरिकों के लिए नगर पालिका खंडार सभागार में शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

आमजन से अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील

जिला प्रशासन ने नगर निकाय क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वार्ड के निर्धारित दिवस पर शिविर में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाएं। प्रशासन का उद्देश्य आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराना है।