कलावा काटने से इनकार पर बहस,जूते उतरवाए गए,कोट के बटन कटे—सख्त चेकिंग से नाराज कैंडिडेट
शिक्षक भर्ती परीक्षा के लेवल-2 एग्जाम में सुरक्षा जांच को लेकर कई परीक्षा केंद्रों पर हंगामा देखने को मिला।दूसरी पारी की परीक्षा के लिए दोपहर 1 बजे से एंट्री शुरू हुई।परीक्षा का समय 3 बजे से 5:30 बजे तक तय किया गया है।प्रदेश के 14 जिलों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर कड़ी जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जा रहा है।
सुबह पहली पारी की परीक्षा में 90.53 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।हालांकि,एंट्री के दौरान कई केंद्रों पर ड्रेस कोड को लेकर कंफ्यूजन सामने आया।जोधपुर के एक सेंटर पर हाथ में बंधे धार्मिक धागे,यानी कलावे को खोलने को लेकर कैंडिडेट और स्टाफ के बीच बहस हो गई।अभ्यर्थी ने धागा काटने से इनकार कर दिया,जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
वहीं,कोटा सहित अन्य शहरों में भी ड्रेस कोड को लेकर सख्ती दिखाई दी।कई अभ्यर्थियों से जूते उतरवाए गए।कुछ जगहों पर कोट के मेटल बटन तक काट दिए गए।जैकेट,स्वेटर,चेन और धागों को लेकर कर्मचारियों और कैंडिडेट्स के बीच लगातार नोकझोंक होती रही।
कर्मचारी चयन बोर्ड ने पहले से ही ड्रेस कोड जारी किया था।इसके बावजूद जयपुर,जोधपुर,कोटा और अलवर जैसे बड़े केंद्रों पर भ्रम की स्थिति बनी रही।तीन दिनों तक दो परियों में होने वाली इस परीक्षा के लिए 7 लाख से अधिक अभ्यर्थी रजिस्टर्ड हैं।दोनों लेवल को मिलाकर कुल 7759 पदों पर भर्ती की जानी है।
सबसे ज्यादा परीक्षा केंद्र जयपुर में बनाए गए हैं।यहां 140 केंद्रों पर करीब 49,500 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।वहीं,बाड़मेर में सबसे कम 10 केंद्रों पर 3,000 कैंडिडेट शामिल होंगे।
