कावडियों का जगह-जगह हुआ जोरदार स्वागत-सत्कार

धूंधेश्वरधाम से गंगापुर शहर पहुंची कावड यात्रा, व्यापारिक, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने पुष्प वर्षाकर किया स्वागत , ममलेश्वर महादेव मंदिर पर हुआ जलाभिषेक

गंगापुर सिटी। धूंधेश्वरधाम से विशाल कावड यात्रा शहर में निकाली गई। सुबह शिव भक्त वाहनों में बैठकर धूंधेश्वरधाम के लिए रवाना हुए, जिन्होंने वहां बने प्राकृतिक झरनों में स्नान किया। पंडित अशोक शर्मा ने विधि-विधान से कावडों का पूजन कराया। सुबह 7 बजे पूजा-अर्चना के बाद गुप्त गंगा से जल भरकर पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर ने शिवभक्तों को ध्वज थमाकर रवाना किया।
डीजेके साथ नाचते-गाते शिव भक्त उघाडमल बालाजी पहुंचे, जहां पर शिवभक्तों का चाय-पानी से स्वागत किया। वहां से फिर कावडिया डीजे की धुन पर नाचते-गाते रवाना होकर खण्डेलवाल धर्मशाला में विश्राम के लिए ठहरे। यहां पर कावडियों ने फलाहार किया और थोडी देर आराम किया। कावड यात्रा को देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। यहां से कावडियां नाचते-गाते हुए जुलूस के रूप में बालाजी चौक, चौपड बाजार, खारी बाजार, देवी स्टोर चौराहा, पुरानी अनाज मण्डी होते हुए कार्यक्रम स्थल पंचायत समिति परिसर स्थित ममलेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां पर विशाल जलाभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान शोभायात्रा में सजे रथ की सभी मंदिरों पर आरती उतारी गई। कावड यात्रा का शहर के व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संगठनों एवं धार्मिक संगठनों की ओर से पुष्प वर्षाकर स्वागत किया गया। सहस्त्रघट में सर्वप्रथम धूंधेश्वर से लाए जल को चढ़ाया गया। रूद्री पाठ के साथ जैसे ही शिव का जलाभिष्ेाक प्रारम्भ किया गया वैसे ही आसमान में काली घटाएं छा गई ओर जमकर मेघों ने अपनी मल्हार गाकर शिव के जलाभिषेक को सार्थक कर दिया।
कार्यक्रम में जगदीश हेमनानी, महेश पलासोद, राजेन्द्र दुसाद, राजेन्द्र मोदी, रवि पुजारी, रूपकुमार बिडला, सीताराम धौलेटा, पिंटू धौलेटा, आशीष, कृष्णा, कान्हा, राजेश टेन्ट, राकेश मंगल, दिनेश जीरोता, मुकेश योगी सहित सैकड़ों शिव भक्त, महिलाएं एवं बच्चे मौजूद थे। शाम को विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारो लोगों ने पंगत प्रसादी पाई।