कर्ज से परेशान होकर जयपुर में एक ही परिवार के चार सदस्यों ने की आत्महत्या

जयपुर। राजधानी के कानोता इलाके में दर्दनाक वाकया सामने आया है। यहां ज्वैलरी कारोबारी, उनकी पत्नी और दो बेटों के घर में फंदे से लटकते शव मिले हैं। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने बताया कि मृतक यशवंत सोनी ने कर्ज लिया था। कर्ज माफिया उसे प्रताड़ित कर रहे थे, इसी से तंग आकर परिवार ने सामूहिक सुसाइड कर लिया है। फिलहाल, शवों को पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। फॉरेंसिक की टीम ने भी मौके की जांच की। कनोता में जामडोली के राधिका विहार में यशवंत (47) सोनी परिवार के साथ रहते थे। परिवार में उनकी पत्नी ममता सोनी (40) बेटे अजीत सोनी (20) और भारत सोनी (17) थे। शनिवार सुबह जब परिवार बाहर नहीं दिखा तो आसपास रहने वाले रिश्तेदार घर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था। रिश्तेदारों ने आवाज दी तो कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद उन लोगों ने खिड़की से देखा तो पूरा परिवार फंदे पर लटका दिखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पिता और दो बेटे एक हॉल में फंदे पर लटके हुए थे। जबकि महिला अलग कमरे में फंदे से लटकी मिली। महिला की आंख पर पट्टी बंधी थी। वहीं दोनों बेटों के पैर भी बंधे हुए थे।

आसपास के लोगों का कहना है कि रात को कुछ लोग घर पर आए थे। उनसे लेनदेन को लेकर कुछ कहासुनी हुई थी। उसके बाद क्या हुआ किसी को कुछ नहीं पता है। यशवंत सोनी ज्वैलरी का काम करते थे। बताया यह भी जा रहा है कि मौके से पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला है। हालांकि, अभी पुलिस अधिकारियों ने सुसाइड नोट मिलने के बारे में कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। फंदे में लटके बेटों के पांव और महिला की आंख पर पट्‌टी क्यों बंधी थी? इस बारे में भी पुलिस अधिकारी कुछ स्पष्ट तौर पर बता नहीं पा रहे हैं।

कर्जे के कारण परेशान बताया जा रहा परिवार

मौके पर पहुंचे एडिशनल एसपी मनोज चौधरी ने बताया कि परिवार ज्वैलरी का काम करता था। पता चला है कि इन्होंने किसी से ब्याज पर पैसे ले रहे थे। जिसके कारण ब्याज माफिया इन को प्रताड़ित कर रहे थे। इससे परेशान होकर परिवार ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उधर, बताया जा रहा है कि आसपास से लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।

कोरोना जांच के बाद कल होगा पोस्टमार्टम

फिलहाल, फॉरेंसिक की टीम ने भी मौके से सबूत जुटाए हैं। चारों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए जेएनयू अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। इनकी पहले कोरोना जांच की जाएगी। जिसकी रिपोर्ट आने के बाद कल पोस्टमार्टम किया जाएगा।

हत्या के एंगल से भी होगी जांच?

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला सामूहिक सुसाइड का लग रहा है। लेकिन, फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है। मृतक के रिश्तेदारों और उनसे जुड़े लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। चारों मृतकों की फोन कॉल की डिटेल भी निकलवाई गई है। ऐसे में सभी एंगल पर पुलिस जांच कर रही है। क्योंकि, एक साथ सुसाइड करने की थ्योरी के पीछे कोई बड़ी वजह ही होगी।