रवांजना चौड स्कूल में कलेक्टर ने किया बालकों से संवाद

ग्रामीणों से संवाद कर समस्याएं सुनते कलेक्टर एवं समस्या बताते ग्रामीण।
राजकीय उमावि रवांजना चौड में बालकों से संवाद करते कलेक्टर।

महात्मा गांधी के आदर्श एवं जीवन दर्शन को आत्मसात करने का दिया संदेश
सवाई माधोपुर।
जिला कलेक्टर डॉ. एस.पी. सिंह ने शनिवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रवांजना चौड का आकस्मिक निरीक्षण कर विद्यालय के बालकों से संवाद किया तथा महात्मा गांधी के आदर्शो एवं जीवन दर्शन को आत्मसात करने की सलाह दी।
विद्यालय में कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कलेक्टर ने बालकों से महात्मा गांधी के जीवन तथा आदर्शाे के संबंध में सवाल जवाब किए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, अपरिग्रह के आदर्शाे को आज पूरा विश्व मान रहा है। हम बापू की 150 वीं जयंती वर्ष मना रहे है। ऐसे में हमें बापू के आदर्शाे को आत्मसात कर उनके बताए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यालय में गंाधी कॉर्नर स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
बालकों से संवाद करते हुए कलेक्टर ने विद्यार्थियों को सफलता-असफलता से नहीं घबराते हुए अपना लक्ष्य तय कर सकारात्मक प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को साफ-सफाई, अनुशासन, नियमित पढ़ाई की सीख दी और बड़ों का कहना मानने, उन्हें नमस्ते बोलने और कभी झूंठ नहीं बोलने की नैतिक शिक्षा भी दी। उन्होंने बच्चों को संस्कारवान बनने तथा व्यसनों से दूर रहने की सलाह दी। कलेक्टर ने विद्यालय में नामांकन, शिक्षकों की उपस्थिति के संबंध में भी जानकारी ली। इसी प्रकार प्रधानाचार्य व शिक्षकों से संवाद करते हुए कलेक्टर ने पुस्तकालय को समृद्ध बनाने तथा बालकों को महापुरूषों के आदर्श, जीवन दर्शन एवं महात्मा गांधी के आदर्शाे से रूबरू कराने के लिए प्रेरित किया।
घूंघट नहीं रखने के लिए किया जागरूक:- कलेक्टर डॉ. सिंह ने गांव के लोगों से उनकी समस्याएं सुनी तथा संवाद करते हुए घूंघट/पर्दाप्रथा को दूर करने के लिए लोगों को जागरूक किया। उन्होंने ग्रामीणों को माननीय मुख्यमंत्री जी के घूंघट/पर्दा हटाओ मुहिम को आगे बढाने के लिए प्रेरित किया। उपस्थित लोगों को भी इसके लिए संकल्पित होकर कार्य करने की बात कही। लोगों ने भी इसके लिए भरोसा दिलाया। इस मौके पर ग्रामीणोें ने कलेक्टर को पंचायत क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। जिनके समाधान के लिए कलेक्टर से संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने की बात कही।
कलेक्टर की प्रेरणा पर छोडा तंबाकू का सेवनः जिला कलेक्टर डॉ. एस.पी. सिंह ने इस मौके पर ग्रामीणों से कहा कि वे स्वयं तथा अपने बच्चों को बीडी, सिगरेट, गुटखा, तंबाकू, शराब आदि के सेवन एवं अन्य व्यसनों से बचाएं। कलेक्टर की प्रेरणा पर वहां मौजूद युवक धनराज मीना ने आगे बढकर उसी समय से तंबाकू का सेवन नहीं करने का संकल्प लिया तथा तंबाकू खाना छोड दिया। अन्य लोगों ने भी ऐसा करने का भरोसा दिलाया।