मार्च में होगा भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट 2026, स्वच्छ ऊर्जा पर रहेगा खास फोकस

भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट 2026 में स्वच्छ ऊर्जा पर चर्चा
दिल्ली में आयोजित होगा भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट 2026

दिल्ली में 19–22 मार्च तक होगा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, बिजली और टिकाऊ ऊर्जा के भविष्य पर बनेगा रोडमैप

भारत अब बिजली की कमी के दौर से निकलकर ऊर्जा प्रचुरता के नए युग में प्रवेश कर चुका है। सरकार का फोकस अब अतिरिक्त बिजली के बेहतर प्रबंधन, मजबूत पावर सिस्टम और सभी उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण सेवा देने पर है। इसी दिशा में ‘भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट 2026’ का आयोजन किया जा रहा है, जो 19 से 22 मार्च 2026 तक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में होगा।

यह चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी बिजली एवं ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े नीति निर्माताओं, उद्योग जगत, तकनीकी विशेषज्ञों और नवाचारकर्ताओं को एक साझा मंच पर लाएगा। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल के अनुसार, यह समिट केवल अब तक की उपलब्धियों को दिखाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भविष्य के लिए एक ठोस और व्यावहारिक रोडमैप भी तैयार करेगा।

सम्मेलन की थीम विकास को विद्युतीकृत करना, टिकाऊ भविष्य को मजबूत बनाना और दुनिया से जुड़ना’। इसमें भारत की स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में हो रही प्रगति को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही बिजली क्षेत्र की चुनौतियों, अवसरों और नई तकनीकों पर गहन चर्चा होगी।

विद्युत मंत्रालय के मुताबिक, इस आयोजन में भारत और विदेशों से 500 से अधिक प्रदर्शक, 25,000 से ज्यादा आगंतुक, 1,000 से अधिक प्रतिनिधि और करीब 300 वक्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम में 50 से ज्यादा उच्चस्तरीय बैठकें, तकनीकी पैनल चर्चाएं और अत्याधुनिक तकनीकों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। खरीदार-विक्रेता बैठकों के जरिए निवेश, व्यापार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

Read More :- व्यापार लागत बढ़ा रही मौजूदा व्यवस्था, क्या भारत को नए टैरिफ रोडमैप की जरूरत?