2030 तक 700 सेंटर और 2,000 करोड़ के निवेश से आई-केयर सेक्टर बदलने की तैयारी
देश की प्रमुख आई-केयर हॉस्पिटल चेन ASG आई हॉस्पिटल अब शेयर बाजार में कदम रखने की तैयारी कर रही है। कंपनी करीब 3,900 करोड़ रुपये का बड़ा IPO लाने जा रही है, जिससे हेल्थकेयर और निवेश जगत में जबरदस्त हलचल मच गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस IPO के जरिए ASG की कुल वैल्यूएशन लगभग 28,000 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
इस पब्लिक इश्यू को मजबूत बनाने के लिए प्राइवेट इक्विटी दिग्गज जनरल अटलांटिक का समर्थन कंपनी को मिला हुआ है। वहीं, IPO मैनेजमेंट के लिए एक्सिस कैपिटल और मॉर्गन स्टेनली जैसे बड़े इन्वेस्टमेंट बैंकर्स को नियुक्त किया गया है। बताया जा रहा है कि इस इश्यू में मौजूदा शेयरहोल्डर्स अपनी करीब 15 प्रतिशत हिस्सेदारी घटा सकते हैं।
ASG का असली फोकस भविष्य की ग्रोथ पर है। कंपनी ने 2030 तक 2,000 करोड़ रुपये के निवेश की योजना बनाई है, जिसके तहत पूरे भारत में 500 से 700 नए आई-केयर सेंटर खोले जाएंगे। खास बात यह है कि कंपनी का फोकस टियर-2 और टियर-3 शहरों पर रहेगा, जहां अभी भी वर्ल्ड क्लास आई-केयर सुविधाओं की भारी कमी है।
तेजी से विस्तार के लिए ASG अधिग्रहण रणनीति भी अपना रही है। हाल ही में ‘शार्प साइट’ के साथ हुआ मर्जर इसी रणनीति का हिस्सा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह IPO ASG को सिर्फ एक हॉस्पिटल चेन नहीं, बल्कि हेल्थकेयर सेक्टर का मजबूत पावरहाउस बना सकता है।
