आरोप। मजदूर संघ ने खुद के साथियों से ही फडवाए पोस्टर, अब हमदर्दी बटोरने का खेल शुरू

गंगापुर सिटी। वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन ने वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ की ओर से लगाए गए आरोपों खण्डन किया है। साथ ही यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि मजदूर संघ ने स्वयं ही अपने पोस्टरों को फडवाया है। इसमें एम्पलाइज यूनियन का कोई लेना-देना नहीं है।
यूनियन का आरोप है कि मजदूर संघ ने धुलण्डी के दिन अपने ही बाहरी व्यक्ति बुलवाकर पोस्टरों को फडवाया है। साथ ही यूनियन के ऊपर लगाए गए सभी आरोप निराधार है। मजदूर संघ की ओर से किए जा रहे दुष्प्रचार की कडे शब्दों की निन्दा करती है।
यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि हकीकत यह है कि वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन का कभी भी असामाजिक तत्वों से कोई वास्ता नहीं रहा है। इतिहास गवाह है कि यूनियन का प्रत्येक पदाधिकारी का चरित्र सही है। सभी के प्रति भ्रातत्व की भावना है। रेलवे संस्थानों के चुनावों में कर्मचारियों की इनके प्रति नाराजगी देख मजदूर संघ के लोग बौखला रहे हैं एवं खुद ही असामाजिक तत्वों से अपने व यूनियन के पोस्टरों को फडवा रहे हैं। इसका दोष दूसरे के सिर रख रहे हैं। इस प्रकार का कार्य कर मजदूर संघ सहानुभूति बटोरने की कोशिश कर रहा है।
यूनियन की ओर जारी विज्ञप्ति में यूनियन पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि मजदूर संघ के कार्यकर्ताओ ने रनिंग रुम की दीवार पर लगे यूनियन के संस्थानों से संबंधित पोस्टरों को फाड़ा है और इनके ऊपर मजदूर संघ के पोस्टर चिपकाए हैं। यूनियन द्वारा जारी फोटो में यूनियन के फटे पोस्टरों के ऊपर मजदूर संघ के लगे पोस्टर स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।
यूनियन पदाधिकारियों ने सभी संस्थानों के सदस्यों से आग्रह किया है कि वे किसी भी प्रकार कि अफवाह से दूर रहें एवं शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया व मतदान के लिए सहयोग करें।