रेलकर्मियों को मास्क बांटने का सिलसिला जारी, WCREU ने आज 1800 मास्क बांटे

गंगापुर सिटी। वेस्ट सेन्ट्रल रेलवे एम्पलाईज यूनियन कोटा मंडल की ओर से आज कोटा वैगन रिपेयर शॉप के समस्त कर्मचारी, विक्रमगढ़ आलोट एवं भवानीमंडी के ट्रेकमैनों तथा रेलकर्मचारियों, गंगापुरसिटी के सभी गार्ड, लोको पायलेट को 1800 मास्क का वितरण किया गया है।
वेस्ट सेन्ट्रल रेलवे एम्पलाईज यूनियन के मंडल उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन ने बताया कि यूनियन द्वारा जब से कोरोना महामारी का दौर प्रारंभ हुआ है तब से रेलकर्मचारियों व उनके परिवारजनों को इस कोरोना महामारी की रोकथाम तथा इससे बचने हेतु कार्य करती आ रही है, चाहे वह भोजन वितरण का कार्यक्रम हो या रेलवे कॉलोनियों को सेनेटाईज करने का काम हो। यूनियन द्वारा समय समय पर रेलकर्मचारियों के हितों के लिये कार्य कर रही है।
इसी श्रृंखला में आज से सम्पूर्ण कोटा मंडल के रेलकर्मचारियों के लिये मास्क वितरण का आयोजन रखा गया है, जिसमें आज गंगापुर सिटी के सभी रनिंग विभाग के लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, गार्ड, कोटा वैगन रिपेयर शॉप के समस्त कर्मचारी, विक्रमगढ़ आलोट एवं भवानीमंडी के ट्रेकमैनों तथा रेलकर्मचारियों को 1800 मास्क का वितरण किया गया। जैन ने बताया कि पूरे कोटा मंडल में प्रत्येक रेलकर्मचारियों के लिये 20 हजार से अधिक मास्क का वितरण किया जायेगा।
आज गंगापुर सिटी में यूनियन की लोको शाखा के नेतृत्व में यूनियन के मंडल सह सचिव श्रीप्रकाश शर्मा, शाखा सचिव राजेश चाहर, मुख्य लोको निरीक्षक एमके पाठक, कोषाध्यक्ष तरुण यादव, वीरेंद्र मीणा, रघुराज सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं के द्वारा लॉबी परिसर में ड्यूटी पर आने-जाने वाले सभी कर्मचारियों को मास्क वितरित किए गए।