17 मई तक देशव्यापी लॉकडाउन: इसके बाद क्या करेगी सरकार?

पूरे देश में यह कोरोना वायरस का तीसरा चरण चल रहा है। लोगों के मन में एक सवाल उठ रहा है कि आखिर 17 मई के बाद क्या लॉकडाउन खत्म होगा? सूत्रों के मुताबिक देशव्यापी लॉकडाउन अब आगे का रास्ता नहीं है बल्कि हॉटस्पॉट को सील करके बाकी हिस्से में आर्थिक गतिविधियों को छूट दी जा सकती है। लोगों के मन में यही कौतूहल है कि आखिर दो बार लॉकडाउन बढ़ाने के बाद अब 17 मई के बाद सरकार क्या करेगी? सूत्रों का कहना है कि 17 मई के बाद बड़े हिस्से में छूट दी जा सकती है। इसके अलावा हॉटस्पॉट इलाकों और रेड जोन में प्रतिबंध लागू किए जा सकते हैं।
कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए देश में 24 मार्च से 17 मई तक लॉकडाउन लगाया गया है। हालांकि इस लॉकडाउन से देश को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है, साथ ही लोगों के रोजगार भी छिन गए हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर 17 मई के बाद सरकार क्या कदम उठाने वाली है? क्या अब लॉकडाउन को खत्म किया जाएगा या प्रतिबंध अब भी जारी रहेंगे? सूत्रों के मुताबिक सरकार अब पूरे जिले या शहर में प्रतिबंध लगाने की जगह केवल हॉटस्पॉट को ही सील करेगी।
मजदूरों की कमी से नहीं हो पा रही मैन्युफैक्चरिंग
कोरोना संकट के इस समय में आर्थिक गतिविधियों को गति देने का यही तरीका जानकार भी बता रहे हैं कि कन्टेनमेंट जोन के अलावा बाकी जगहों पर आर्थिक गतिविधियां शुरू कर दी जाए। सरकार पहले भी इकॉनमी को रफ्तार देने के लिए कई तरह की ढील दे चुकी है। इसमें निर्माण, मैन्युफैक्चरिंग और रीटेल ऐक्टिविटीज शामिल हैं। कुछ राज्यों ने कोविड को फैलने से रोकने के लिए बड़े हिस्से में प्रतिबंध लागू किए हैं। मजदूरों की कमी की वजह से भी कई जगहों पर आर्थिक गतिविधियां शुरू नहीं हो पा रही है।
सूत्रों का कहना है कि मजदूरों की कमी, मैन्युफैक्चरिंग में गिरावट की वजह से गुड्स मूवमेंट भी ज्यादा नहीं हो रहा है। लॉकडाउन शुरू होने से पहले 22 लाख तक ई-वे बिल कटते थे जो कि अब महज 6 लाख रह गए हैं। लॉकडाउन की शुरुआत में तो यह संख्या महज 3.2 लाख ही रह गई थी। पिछले तीन सप्ताह में दोगुने की वृद्धि दर्ज की गई है। यह एक सकारात्मक संकेत है।
लगातार बढ़ रहे हैं कोरोना के केस
देश में अब तक कोरोना के 67161 केस आ चुके हैं। वहीं 2207 लोगों ने दम तोड़ दिया है। राहत की बात यह है कि 20916 लोगों को संक्रमण से मुक्ति भी मिली है। इस समय रोज 3 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। पिछले पांच दिनों में ही मरीजों का आंकड़ा 40 हजार से 60 हजार तक जा पहुंचा। इसलिए बढ़ता संक्रमण अब भी केंद्र और राज्य सरकार की चिंता का सबब बना हुआ है।