जम्मू कश्मीर: सर्दी का सितम जारी, जल्द शुरू होगा चिल्लई कलां

कश्मीर में हाड़ कंपा देने वाली ठंड

नई दिल्ली। कश्मीर में न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस और बारामुला जिले के स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अब घाटी में 40 दिन की भीषण सर्दी का दौर शुरू होने वाला है, जिसे चिल्लई कलां कहते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। काजीगुंद में न्यूनतम तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे, कोकेरनाग में शून्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे और कुपवाड़ा में शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कश्मीर में अगले कुछ दिन मौसम शुष्क रहने तथा न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने का अनुमान जताया है। कश्मीर के कई इलाकों में बिजली की समस्या होने की वजह से लोगों को कांगड़ी का इस्तेमाल करते देखा गया।
तापमान में गिरावट के कारण धीमी गति के बहाव वाले कई जलस्रोत जम गए हैं। बच्चों और बुजुर्गों में मौसमी बीमारी संबंधी समस्याएं बढ़ गई हैं। चिल्लई-कलां 40 दिनों की भीषण सर्दी की अवधि है जब इस क्षेत्र में शीतलहर चलती है और तापमान इतने नीचे चला जाता है कि प्रख्यात डल झील सहित जल निकाय जम जाते हैं। घाटी के कई हिस्से इस स्थिति का सामना करते हैं।
चिल्लई-कलां की शुरुआत दिसंबर के तीसरे सप्ताह के आसपास होती है और 31 जनवरी को यह समाप्त होता है। इसके बाद कश्मीर में 20 दिनों का चिल्लई खुर्द (छोटी ठंड) और 10 दिनों का चिल्लई-बच्चा (हल्की ठंड) का दौर रहता है। इस दौरान शीतलहर रहती है।