घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप, हिमंता सरकार की कार्रवाई की सराहना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम दौरे के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने असम को कभी अपना नहीं माना। बल्कि सत्ता में रहते हुए घुसपैठियों को संरक्षण दिया। पीएम ने साफ शब्दों में कहा कि कांग्रेस ने घुसपैठियों से जमीन पर कब्जा कराया। और इन्हें अपना कट्टर वोट बैंक बनाया। पीएम मोदी गुवाहाटी के सरुसजाई स्टेडियम में आयोजित ‘बागुरुम्बा दोहोउ 2026’ कार्यक्रम में बोल रहे थे। यह बोडो समुदाय का पारंपरिक और सांस्कृतिक उत्सव है। कार्यक्रम से पहले पीएम ने एयरपोर्ट से स्टेडियम तक रोड शो भी किया। इस दौरान लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
कांग्रेस पर सीधा आरोप
प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद असम के सामने कई बड़ी चुनौतियां थीं।लेकिन कांग्रेस ने इन समस्याओं का समाधान नहीं किया। जब जरूरत थी कि अपने लोगों के जख्म भरे जाएं। तब कांग्रेस ने घुसपैठियों की सेवा की। उन्होंने कहा कि ये घुसपैठिये कांग्रेस के कट्टर वोटर हैं। इसी वजह से जमीन पर अवैध कब्जे होते रहे। और कांग्रेस सरकारें आंख मूंदे बैठी रहीं।
हिमंता सरकार की खुलकर तारीफ
पीएम मोदी ने असम की हिमंता बिस्वा सरमा सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि आज राज्य में हालात बदल चुके हैं। लाखों बीघा जमीन को घुसपैठियों से मुक्त कराया जा रहा है। अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई हो रही है। और घुसपैठियों को खदेड़ा जा रहा है। पीएम ने कहा कि एक समय असम में आए दिन रक्तपात होता था। चारों ओर डर का माहौल रहता था। कर्फ्यू का सन्नाटा पसरा रहता था। लेकिन आज हालात पूरी तरह बदल गए हैं। अब संस्कृति के रंग सज रहे हैं। संगीत गूंज रहा है। और विकास की नई कहानी लिखी जा रही है।
आगे का कार्यक्रम भी अहम
प्रधानमंत्री मोदी रात में गुवाहाटी में ही रुकेंगे। इसके बाद रविवार को वह कालियाबोर जाएंगे। यहां ₹6,957 करोड़ की लागत से बनने वाले काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर की आधारशिला रखेंगे। इस प्रोजेक्ट से पर्यटन और कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे पहले पीएम पश्चिम बंगाल के मालदा भी पहुंचे थे। लगातार दौरों से साफ है कि पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत पर केंद्र सरकार का फोकस बढ़ा है।
