सड़क हादसा। एक ही परिवार के 11 लोगों की मौत, जान गंवाने वाले जोड़े की 16 दिन पहले ही शादी हुई थी

जोधपुर। जोधपुर जिले के शेरगढ़ क्षेत्र शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ट्रॉले और बोलेरो की टक्कर में एक ही परिवार के 11 लोगों की मौत हो गई। 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह परिवार नवविवाहित जोड़े को बालोतरा से रामदेवरा दर्शन के लिए ले जा रहा था। इनकी शादी 27 फरवरी को ही हुई थी। टक्कर के बाद बोलेरो ट्रोले के नीचे दब गई।
मृतकों में बच्चा भी शामिल
मृतकों में 4 पुरुष, 6 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। सभी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घायलों का जोधपुर के अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसे में मरने वालों में नवविवाहित दंपती के अलावा एक ही परिवार के चार लोग हैं। इनमें किशोर माली, उसकी पत्नी डिम्पल, बेटा प्रदीप और बेटी राशु हैं। अन्य मृतकों में कैलाश माली, उसकी बेटी और प्रियंका सोलंकी, विमला माली, जगदीश माली शामिल हैं। हादसे में दंपती और उसके दो बच्चे भी मारे गए।
पुलिस के अनुसार हादसा शनिवार सुबह 9 बजे मेगा हाइवे पर सोइंतरा में गंवारिया होटल के पास हुआ। शेरगढ़ पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रोले को हटाया। इसके बाद बोलेरो में फंसे लोगों को निकाला। बालोतरा के पास कानोना गांव के विक्रम और सीता की शादी 27 फरवरी को हुई थी। परिवार रामदेवरा मंदिर में दर्शन के लिए जा रहा था।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री गहलोत ने हादसे पर दुख जताया
राजस्थान के जोधपुर में हुए भीषण सड़क हादसे के बारे में जानकर अत्यंत दुख हुआ है। इस दुर्घटना में जिन.जिन लोगों की जान गई है, मैं उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं, साथ ही घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी गहरा दुख प्रकट किया है।