भवानीमंडी में पुलिस का बड़ा धमाका, गांजा तस्करी के काले नेटवर्क का भंडाफोड़, दो तस्कर गिरफ्तार

भवानीमंडी पुलिस द्वारा गांजा तस्करी मामले में जब्त किया गया गांजा और बाइक
भवानीमंडी में गांजा तस्करी मामले में गिरफ्तार आरोपी और जब्त सामग्री

2 किलो 915 ग्राम अवैध गांजा जब्त, बाइक सीज, फरार सप्लायर की तलाश में पुलिस की टीमें सक्रिय

भवानीमंडी (झालावाड़)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भवानीमंडी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (IPS) के निर्देशन में पुलिस ने गांजा तस्करी के एक सक्रिय नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 915 ग्राम अवैध गांजा और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 15 जनवरी 2026 को उस समय की गई, जब भवानीमंडी थानाधिकारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पचपहाड़ क्षेत्र के कब्रिस्तान के पास घेराबंदी की गई। मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। साथ ही हीरो HF डीलक्स बाइक को भी जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रहलाद सिंह निवासी देवगढ़ (थाना डग, झालावाड़) और बालू निवासी डाबला देवल (थाना सुवासरा, मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजा उन्होंने गोविन्द सिंह निवासी तलावली (थाना गंगधार) से खरीदा था, जो फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के निर्देशन और वृताधिकारी प्रेमकुमार (RPS) के सुपरविजन में संपन्न हुई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई साफ संदेश देती है कि झालावाड़ पुलिस नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।

Read More :- जयपुर के देवनगर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, गरिमा किशोरी जी ने सुदामा-कृष्ण मित्रता से बांधा भक्तों को भावनात्मक सूत्र में