अल्मोड़ा जिले में नशा तस्करी पर करारा प्रहार, काशीपुर के सप्लायर का नाम आया सामने
अल्मोड़ा। जिले के सल्ट थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। सल्ट पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार से 44.930 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सराईखेत मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर (UK07 AX-8384) को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही कार सवार युवक भागने लगे, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की से सफेद रंग के तीन प्लास्टिक कट्टे बरामद हुए, जिनमें बीजदार हरा पदार्थ मिला। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर कुल 44.930 किलो गांजा पाया गया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि यह खेप काशीपुर निवासी एक व्यक्ति के कहने पर लाई जा रही थी, जिसके बदले उन्हें 95 हजार रुपये दिए गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंगद सिंह, अमन जाटव, अजीत सिंह, अजय सिंह और हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि तस्करी नेटवर्क की गहराई से जांच जारी है।
