अमेरिका के तटीय ओरेगॉन क्षेत्र में महसूस किए गए तेज झटके, फिलहाल नुकसान या सुनामी की कोई चेतावनी नहीं
अमेरिका के ओरेगॉन राज्य में गुरुवार को भूकंप के तेज झटकों से लोग दहशत में आ गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.2 मापी गई है। जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंस (GFZ) के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन के भीतर करीब 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। राहत की बात यह रही कि फिलहाल किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई पुष्टि नहीं हुई है।
यह भूकंप ओरेगॉन के तटीय इलाके में आया, जो ओरेगॉन और कैलिफोर्निया की सीमा के पास स्थित है। इस क्षेत्र में भूकंपीय गतिविधियां आम मानी जाती हैं। यहां अक्सर हल्के से मध्यम तीव्रता के भूकंप आते रहते हैं, जिनमें से कई इतने गहरे होते हैं कि सतह पर महसूस भी नहीं होते।
भूकंप के बाद नेशनल सुनामी वार्निंग सेंटर ने स्थिति की समीक्षा की, लेकिन किसी भी तरह का सुनामी अलर्ट जारी नहीं किया गया। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
भूवैज्ञानिकों के अनुसार, यह इलाका कास्केडिया सबडक्शन जोन का हिस्सा है, जिसे दुनिया के सबसे खतरनाक भूकंप क्षेत्रों में गिना जाता है। यह जोन उत्तरी वैंकूवर द्वीप से लेकर उत्तरी कैलिफोर्निया तक फैला हुआ है।
इतिहास पर नजर डालें तो साल 1700 में इसी कास्केडिया जोन में 9.0 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप आया था, जिसके बाद भीषण सुनामी ने तटीय इलाकों में भारी तबाही मचाई थी। वैज्ञानिकों ने पहले ही चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि इतनी तीव्रता का भूकंप दोबारा आया, तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
