संजू सैमसन के पास आज आखिरी मौका? नहीं चला बल्ला तो T20 वर्ल्ड कप में पिलाना पड़ सकता है पानी
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला आज तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज पहले ही भारत के नाम हो चुकी है, लेकिन यह मैच कई खिलाड़ियों के लिए बेहद अहम साबित हो सकता है। खासतौर पर संजू सैमसन के लिए यह मुकाबला करियर का टर्निंग पॉइंट माना जा रहा है। टी20 वर्ल्ड कप से पहले यह आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट की नजर हर खिलाड़ी के प्रदर्शन पर टिकी हुई है। संजू सैमसन अब तक इस सीरीज में पूरी तरह फ्लॉप रहे हैं। चार मैचों में उनका बल्ला शांत नजर आया है। ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि क्या उन्हें वर्ल्ड कप टीम में मौका मिलेगा।
संजू सैमसन पर बढ़ा दबाव
संजू सैमसन ने पिछले चार मैचों में सिर्फ 40 रन बनाए हैं। ओपनिंग स्लॉट में लौटने के बाद वह अपनी टाइमिंग से जूझते दिखे हैं। तेज गेंदबाजों के सामने उनकी तकनीकी कमजोरी उजागर हुई है। इसके अलावा स्पिन के खिलाफ भी वह सहज नजर नहीं आए। पिछले मैच में वह मिशेल सेंटनर की गेंद पर आउट हुए थे।
ईशान किशन की मजबूत दावेदारी
दूसरी ओर ईशान किशन ने दो साल बाद टीम में वापसी करते हुए आक्रामक पारियां खेली हैं। उनकी फॉर्म और आत्मविश्वास ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया है। अगर संजू आज भी असफल रहते हैं, तो वर्ल्ड कप में ईशान किशन को विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में प्राथमिकता मिल सकती है।
होम ग्राउंड पर आखिरी मौका
तिरुवनंतपुरम संजू सैमसन का होम टाउन है। ऐसे में उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिलना लगभग तय माना जा रहा है। मैच से पहले अभ्यास सत्र में संजू ने अपनी तकनीकी खामियों पर काम किया। स्टेडियम में फैंस और मीडिया की भारी मौजूदगी ने माहौल को और खास बना दिया।
बैटिंग कोच ने जताया भरोसा
भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सीतांशु कोटक ने संजू पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में हर खिलाड़ी बुरे दौर से गुजरता है। संजू प्रतिभाशाली हैं और बड़े मैच खिलाड़ी हैं। हालांकि अब आंकड़े उनके खिलाफ जा रहे हैं।
वर्ल्ड कप से पहले बड़ा फैसला
अगर संजू आज रन बनाने में नाकाम रहते हैं, तो टी20 वर्ल्ड कप में उनका प्लेइंग इलेवन में खेलना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में यह मैच उनके लिए “करो या मरो” जैसा बन चुका है।
