अच्छी खबर: 4.14 लाख जरुरतमंद परिवारों को मिलेगी नि:शुल्क भोजन सामग्री, मुख्यमंत्री सहायता कोष से 37.74 करोड़ रुपए मंजूर

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को कोरोना महामारी के कारण आर्थिक संकट का सामना कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर दी। उन्होंने 4 लाख 14 हजार जरूरतमंद परिवारों को खाद्यान्न सुरक्षा के रूप में प्रति व्यक्ति 10 किलोग्राम गेहूं तथा प्रति परिवार एक किलोग्राम दाल निशुल्क उपलब्ध कराने का निर्णय किया है। गहलोत ने इसके लिए मुख्यमंत्री सहायता कोष से 37.74 करोड़ रुपए उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। उल्लेखनीय है कि अशोक गहलोत ने कोरोना महामारी के कारण आजीविका संकट का सामना कर रहे जरूरतमंद लोगों को खाद्यान्न सुरक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे, जिन्हें खाद्य सुरक्षा की आवश्यकता है तथा पूर्व में हुए सर्वे से वंचित रह गए थे। मुख्यमंत्री के इस निर्देश पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के माध्यम से 22 जुलाई से 15 अगस्त के दौरान कराए गए सर्वे में 4 लाख 14 हजार 303 परिवारों के 15 लाख 36 हजार 28 व्यक्तियों ने रजिस्ट्रेशन कराया। मुख्यमंत्री ने इन सभी को प्रति व्यक्ति 10 किलोग्राम गेहूं तथा प्रति परिवार एक किलो दाल निशुल्क उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।