अभिनव राजस्थान पार्टी: सभापति को सौंपेंगे जनादेश, करेंगे मोनिटरिंग

गंगापुर सिटी की संजय कॉलोनी स्थित  अभिनव राजस्थान पार्टी के प्रदेश सदस्य नितिन गर्ग के निज निवास पर पार्टी की प्रथम वार्षिक बैठक रविवार को देर रात आयोजित हुई। बैठक रात 7 बजे से 9:30 बजे तक चली। बैठक में शहर की प्रमुख समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा हुई। बैठक में उपस्थित सदस्य बेअन्त सिंह चौधरी ने कहा कि जहाँ हाथ डालो वहीं समस्याओं की पोटली निकल आती है। सभी के पास अपनी-अपनी समस्याएं हैं। लेकिन उनके समाधान के लिए कोई मंथन नहीं करता, जोकि अतिआवश्यक है। उन्होंने कहा कि पार्टी शहर की प्रमुख समस्याओं को पिछले विधानसभा चुनावों में ही चिन्हित कर चुकी थी। साथ ही स्टाम्प पर लिखित में एक निश्चित समय में उनके समाधान की भी गारंटी दी थी। लेकिन जनता को नई पार्टी, नए लोग जल्दी से भाए नहीं। फिर भी अभिनव राजस्थान पार्टी उसी दिन से अप्रत्यक्ष रूप से शहर की समस्याओं के समाधान में लगी हुई है। बेअन्त ने बताया कि अमृत जल योजना और सीवर का कार्य बिल्कुल रुका हुआ था, सभी तरफ गड्ढे खुदे पड़े थे तब सवाई माधोपुर लोक अदालत में परिवाद दायर कर कार्य को रफ्तार दिलवाई गयी। साथ ही रोज कार्य की मॉनिटरिंग भी की। सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से उनकी कॉलोनी में खुदे पड़े गड्ढों की तस्वीरों को मँगाया गया। लोक अदालत में भी इन्हें पेश किया गया। उसके बाद उन जगहों पर काम करवाया गया। पार्टी अब प्रमुख बिंदुओं को लेकर सभापति से मिलेगी और उन्हें समस्या तथा उनके समाधान से अवगत करवाएगी। साथ ही फॉलो अप करेगी और रिव्यु मीट भी करती रहेगी। वार्ड 8 निवासी व पार्टी सदस्य सीताराम सैनी और सदस्य आशुतोष आर्य ने कहा कि अभिनव राजस्थान पार्टी किसी भी तरह के हो-हल्ले में विश्वास नहीं करती है। वह धरातल पर रहकर कागज-कलम का सदुपयोग करना चाहती है।

BADHTI KALAM APP DOWNLOAD LINK: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.badhtikalam.badhtikalam&hl=en&gl=US