अग्रवाल शिक्षण संस्थान: तीसरी बार अध्यक्ष बने सुदर्शन मित्तल, महामंत्री बने हरिओम भगत

गंगापुरसिटी। अग्रवाल शिक्षण संस्थान कार्यकारिणी के 14 सदस्यीय द्विवार्षिक चुनाव सम्पन्न होने के बाद मंगलवार को संस्थान के अध्यक्ष सहित अन्य पदों के लिए चुनाव हुए। अध्यक्ष व बीएड सचिव पद के लिए मतदान हुआ, जबकि अन्य पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। चुनाव अधिकारी सुरेशचंद गुप्ता (गहनोली वाले) ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए सुदर्शन मित्तल तीन मतों के अंतर से अध्यक्ष निर्वाचित हुए है, उन्होंने निकटतम प्रत्याशी ओमप्रकाश धर्मकांटा को पराजित किया। सुदर्शन मित्तल को 22 तथा ओमप्रकाश धर्मकांटा को 19 मत प्राप्त हुए। मित्तल इससे पहले भी दो बार अध्यक्ष पद का दायित्व संभाल चुके हैं। वहीं बीएड सचिव के पद पर अरविन्द गोयल पत्रकार ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की। गोयल ने 25 मतों के अंतर से विनय अग्रवाल को हराया। अरविन्द गोयल को 33 मत तथा विनय अग्रवाल को मात्र 8 मत मिले।
ये निर्विरोध निर्वाचित
चुनाव अधिकारी के अनुसार अन्य पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। उन्होंने बताया कि हरिओम भगत महामंत्री व दीनदयाल गुप्ता (मच्छीपुरा वाले) कोषाध्यक्ष, महेश गुप्ता (कचौड़ी वाले) छात्रावास सचिव, अशोक गोयल (दलाल) वाहन सचिव, घनश्याम गुप्ता (रानेटा वाले) पीजी कॉलेज सचिव, गोविन्द गुप्ता (नारौली वाले) विद्यालय सचिव, ओमप्रकाश गुप्ता (पीएनबी) वित्त संयोजक व दुर्लभ गोयल निर्माण संयोजक निर्विरोध चुने गए हैं।
पदाधिकारियों को दिलाई शपथ
दोपहर 12 बजे से चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई। सबसे पहले कार्यकारिणी के नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ ग्रहण कराई गई। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण कराई गई। साथ ही नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माला पहना कर स्वागत किया गया। समाज के नागरिकों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी है।