प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान में किया श्रमदान, स्वच्छता की ग्रहण की शपथ

गंगापुरसिटी। स्वामी विवेकानंद युवा मंडल कार्यकर्ताओं व नेहरू युवा केन्द्र राष्ट्रीय स्वयंसेवकों की ओर से गुरुवार को राजकीय पीजी महाविद्यालय में सामूहिक स्वच्छता श्रमदान को लेकर प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान चलाया गया। इस दौरान महाविद्यालय परिसर डेढ़ सौ किलो प्लास्टिक एकत्र कर नष्ट की गई। स्वामी विवेकानंद युवा मंडल के युवा अध्यक्ष नागेश कुमार शर्मा ने बताया कि पूरे देश में युवा मंडल राष्ट्रीय स्वयंसेवकों के द्वारा नगरीय प्रशासन व युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के मार्गदर्शन में यह अभियान चल रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को राजकीय महाविद्यालय में युवा स्वयंसेवकों ने श्रमदान किया। मुख्य अतिथि के रूप में उपखंड अधिकारी अनिल चौधरी व विशिष्ट अतिथि के रूप में उदेई मोड थाना प्रभारी शैतानसिंह उपस्थित थे। इस दौरान स्वच्छता की शपथ भी ग्रहण की गई। साथ ही स्वच्छता में श्रमदान करने वाले युवा व स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान स्वामी विवेकानंद युवा मंडल के युवा अध्यक्ष नागेश कुमार शर्मा, राजकीय पीजी महाविद्यालय प्राचार्य लक्ष्मी चंद मीणा, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक नेहरू युवा केंद्र रिजुल गर्ग, खेमराज गुप्ता, दिलखुश गुर्जर, हनी शर्मा, आदित्य राजपूत, नितेश सिंह जादौन सहित महाविद्यालय स्टाफ मौजूद थे।