जिला मुख्यालय पर उपवास कार्यक्रम में गंगापुर से हजारों की संख्या में शामिल होंगे भाजपाई

कांग्रेस सरकार के एक साल का कार्यकाल पूरी तरह विफल

गंगापुर सिटी। प्रदेश में कांग्रेस सरकार की विफलता को लेकर भाजपा कार्यकर्ता सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय के सामने सर्किल पर 16 दिसम्बर को सुबह साढ़े दस बजे से शाम 4 बजे तक उपवास रखेंगे।
पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर के निर्देशानुसार उपवास कार्यक्रम को लेकर मण्डल अध्यक्ष पुखराज सलेमपुर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 16 दिसम्बर को उपवास कार्यक्रम एवं 17 दिसम्बर को आंदोलन को लेकर तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।
मंडल अध्यक्ष पुखराज सलेमपुर ने कहा कि राज सरकार का एक साल का कार्यकाल पूरी तरह विफल रहा है। कांग्रेस के राज्य में हर व्यक्ति अपने आपको ठगा महसूस कर रहा है। चुनाव के दौरान कांग्रेस ने बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन एक भी घोषणा को पूरी नहीं की। संपूर्ण कर्ज माफी का वादा पूरा नहीं कर किसानों को तो कांग्रेस ने छला है। आगामी पंचायतीराज चुनाव में आमजन किसान कांग्रेस को करारा जवाब देगा। युवाओं को भी बेरोजगारी भत्ते के नाम पर भी कुछ नहीं मिला है, जिससे युवा वर्ग भी कांग्रेस के धोखे का शिकार हुए हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था भी पूरी तरह से बिगड़ चुकी है। आये दिन दलितों व महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं।
पूर्व मंडल अध्यक्ष मदनमोहन सैनी ने कहा कि राजस्थान कांग्रेस सरकार का एक साल का कार्यकाल पूणत: विफल रहा है। सरकारी पैसे का दुरुपयोग कर सरकार अपने कार्यकाल का झूठा गुणगान कर रही है। जिसका भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस सरकार के 365 दिन की विफलताओं को लेकर भाजपा प्रदेश भर में प्रदर्शन कर रही है।
मंडल उपाध्यक्ष सरपंच मेघराज सैनी ने कहा कि निकम्मी सरकार के खिलाफ 16 व 17 दिसम्बर को भाजपा आंदोलन करेगी और राजस्थान के हितों के लिए अपनी लोकतांत्रिक लड़ाई को जारी रखेगी।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष पुखराज सलेमपुर, पूर्व मंडल अध्यक्ष मदनमोहन सैनी, मंडल उपाध्यक्ष सरपंच मेघराज सैनी, मनोज कुनकटा, मनीष सिराधना, सारांश जैन, भवानी मानपुर, संदीप सिंह, जितेन्द्र शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।