नारकीय जीवन जीने को मजबूर कैरिज कॉलोनी के कर्मचारी

गंगापुर सिटी। बी केबिन के पास स्थित कैरिज कॉलोनी के हाल बेहाल है। सड़कें टूटी पड़ी है। नालियां टूटी हुई है। आवास जर्जर हैं। दरवाजे खिड़की सब खराब, पेयजल व्यवस्था अस्त-व्यस्त, नालिया कीचड़ से भरी हुई। इन सबके बावजूद प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है।
यूनियन के मंडल उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के नेतृत्व में यूनियन पदाधिकारियों ने कैरिज कॉलोनी का निरीक्षण किया। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी व्यथा बताई। कीचड़ से भरी नालियों के बगल में खुले पाइप से पानी भरने को रेल कर्मचारी मजबूर हो रहे हैं। कोर्ट यार्ड के दरवाजे क्षतिग्रस्त हैं। जानवर घर के अंदर घुस जाते हैं। कर्मचारियों ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों से इसकी शिकायत की गई लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है।
यूनियन के मंडल उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन ने सभी क्वार्टर का निरीक्षण कर इनकी दुर्दशा के बारे में सहायक मंडल इंजीनियर आरके तिवारी से बात की एवं कार्रवाई करने की मांग की। इस अवसर पर यूनियन के पदाधिकारी लोको शाखा के सचिव राजेश चाहर, उपाध्यक्ष वीरेंद्र मीणा, मनोज वर्मा, रघुराज सिंह, रंगी लाल मीणा, महेश मीणा, विष्णु शर्मा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।