देश में कोरोना का कहर जारी: अब तक 12 हजार 605 लोगों की मौत, कोरोना मरीज 3 लाख 81 हजार 91

नई दिल्ली। देश में भी कोरोना वायरस का कहर कम होता नहीं दिख रहा है। रोज सामने आने वाले संक्रमण के मामलों की संख्या पिछले दिन से ज्यादा ही हो रही है। देश में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 3 लाख 81 हजार 91 हो गई है। इनमें से अब तक 2 लाख से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके और 12 हजार 605 की मौत हो गई। पिछले 5 दिन में 42 हजार 856 लोग स्वस्थ हुए। गुरुवार को सबसे ज्यादा 13 हजार 826 पॉजिटिव बढ़े। वहीं पिछले 24 घंटे में 342 लोगों की मौत हुई।
गुरुवार को 342 संक्रमितों की जान चली गई। इनमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र के 100 लोग थे। हालांकि, राहत की बात है कि पिछले दस दिन में पहली बार यहां मरने वालों की संख्या में कमी आई है। इसके पहले यहां हर दिन 120 से ज्यादा लोगों की मौत हो रही थी।
तमिलनाडु में हालात बेहद खराब होते जा रहे हैं। यहां गुरुवार को भी 49 लोगों की जान चली गई। एक हफ्ते से लगातार राज्य में 45 से ज्यादा संक्रमित दम तोड़ रहे हैं। गुजरात में 31 लोगों की मौत हुई। यहां मरने वालों की संख्या अब 1592 हो गई है।
देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस का संक्रमण लाख कोशिशों के बावजूद थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के संक्रमण ने फिर अपने पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को एक दिन में रिकॉर्ड 2877 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, पिछले 24 घंटे में 65 लोगों की जान इस संक्रमण की वजह से गई है।
आपको बता दें कि दिल्ली में कोरोना के कुल मामले में 49979 हो गए हैं। वहीं, 21341 लोगों ने कोरोना को मात दे दी है। कोविड संक्रमण की वजह से दिल्ली में अब तक 1969 लोगों की मौत हो चुकी है।
उधर, दिल्ली में कोरोनावायरस टेस्टिंग के दाम घटा दिए गए हैं। यहां कोरोना का टेस्ट कराने के लिए लोगों को अब पहले से आधे पैसे खर्च करने होंगे। दिल्ली सरकार में उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने गुरुवार को इसकी घोषणा कर दी। उन्होंने एक ट्वीट कर बताया कि अब दिल्ली में कोविड टेस्ट की कीमत 2400 रुपये कर दी गई है। उन्होंने ट्वीट में लिखा, श्दिल्ली सरकार ने कोविड RT-PCR टेस्ट की कीमत कुल चार्ज मिलाकर 2400 रुपये करने का फैसला किया है।
उत्तर प्रदेश में भी लगातार मरने वालों की संख्या बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे में यहां 23 लोगों की मौत हो गई। राजस्थान में 17 संक्रमितों ने दम तोड़ा। उधर, पश्चिम बंगाल में 12, कर्नाटक में 12, जम्मू कश्मीर में 7, बिहार और पंजाब में 5-5, मध्य प्रदेश और हरियाणा में 4-4, तेलंगाना में 3, आंध्र प्रदेश में 2 की मौत हुई। असम, केरल, झारखंड में एक संक्रमित ने दम तोड़ा।