10 लक्षण पर्व पर तपस्वियों का अभिनंदन, बैंड-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा

गंगापुर सिटी। दिगंबर जैन समाज की ओर से 10 लक्षण पर्व के अवसर पर आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में कठिन तपस्या करने वाले सभी तपस्वियों का अभिनंदन एवं स्वागत किया गया। कार्यक्रम में समाज के महिला-पुरुषों के साथ छोटे बच्चों ने भी श्रद्धापूर्वक उपवास एवं विभिन्न प्रकार की तपस्याएं कीं।

समाज अध्यक्ष प्रवीण गंगवाल ने बताया कि 10 लक्षण पर्व के दौरान अनेक श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर धर्म आराधना की। इस अवसर पर विशेष रूप से उन छोटे तपस्वी बच्चों की अनुमोदना की गई, जिन्होंने अल्प आयु में ही कठिन तपस्या को अपनाकर धर्म के प्रति अपनी आस्था एवं समर्पण का परिचय दिया।

सौरभ गंगवाल ने 10 दिन का उपवास पूर्ण किया। वहीं मंजू जैन एवं रिया जैन ने 5 दिन का मेरु उपवास किया। धर्मेंद्र जैन, अभिलेखा जैन, ममता जैन, माही जैन, सागर जैन, रुचि सोनी, अलका जैन एवं माया जैन सहित कई श्रद्धालुओं ने भी तपस्या की।

छोटे तपस्वियों में अनुष्का जैन, तनुष्का जैन, तन्मय जैन, ख्वाइश जैन, वंशिका जैन, अनिकेत जैन, पुनीत कला एवं आराध्या जैन ने तीन दिवसीय तेला उपवास पूर्ण किया। वहीं बेबी गोधा ने रत्नत्रय की कठिन तपस्या पूर्ण कर धर्म आराधना की।

दिगंबर जैन समाज की ओर से सभी तपस्वियों का सामूहिक पारणा करवाया गया। सांची बोहरा ने भक्तिभाव से सभी तपस्वियों की अनुमोदना की। इसके बाद समाज के गणमान्य व्यक्तियों द्वारा तपस्वियों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान तपस्वियों को रथ पर विराजमान कर बैंड-बाजे के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए उनके निज निवास तक भक्ति भाव से पहुंचाया गया। इस दौरान समाजजनों में उत्साह एवं श्रद्धा का माहौल रहा।