लायंस क्लब गरिमा का निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर 3 अक्टूबर से वर्धमान हॉस्पिटल में

गंगापुर सिटी। लायंस क्लब गंगापुर सिटी गरिमा की बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स (BOD) की बैठक 25 सितंबर 2026 को मनस्वी निकुंज, चूली में क्लब अध्यक्ष लायन ओमप्रकाश अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में क्लब की विभिन्न सेवा गतिविधियों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में क्लब के सिग्नेचर प्रोजेक्ट निःशुल्क नेत्र चिकित्सा एवं लेंस प्रत्यारोपण शिविर के शुभारंभ की घोषणा की गई। क्लब अध्यक्ष लायन ओमप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष शिविर 3 अक्टूबर 2026, शनिवार से वर्धमान हॉस्पिटल में शुरू होगा। शिविर का आयोजन शनिवार एवं रविवार को वर्धमान हॉस्पिटल परिसर में किया जाएगा।

पीएमजेएफ लायन आशीष शर्मा ने बताया कि लायंस क्लब गरिमा पिछले 8 वर्षों से लगातार निःशुल्क नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर आयोजित कर रहा है। इस सेवा गतिविधि से अब तक 16,000 से अधिक लोग लाभान्वित हो चुके हैं।

शिविर के मुख्य समन्वयक लायन मुकेश राजाराम मीना ने वर्धमान हॉस्पिटल के लायन मनोज जैन का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि इस पुनीत सेवा कार्य के लिए हॉस्पिटल द्वारा निःशुल्क परिसर एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।

बैठक में शिविर के मुख्य समन्वयक के रूप में लायन डॉ. मनोज जैन एवं लायन मुकेश राजाराम मीना को जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं शिविर के सुचारू संचालन एवं व्यवस्थाओं के लिए लायन शशिकांत शुक्ला, लायन विश्वनाथ गोयल, लायन सोमव्रत अग्रवाल, लायन शिवराज जांगिड़, लायन अतुल डंगायच एवं लायन सचिन बंसल को जिम्मेदारियां दी गईं।

क्लब सचिव लायन वीरेंद्र कुमार आर्य ने बताया कि लायंस क्लब गरिमा द्वारा स्वास्थ्य एवं जनसेवा के क्षेत्र में लगातार विभिन्न सेवा प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं। निःशुल्क नेत्र चिकित्सा एवं लेंस प्रत्यारोपण शिविर क्लब की प्रमुख सेवा गतिविधियों में शामिल है।