पेयजल समस्या: भाजपा चलाएगी जन जागरण अभियान, 13 सेक्टरों में होगी बैठक

गंगापुरसिटी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा शहर में व्याप्त पेयजल समस्या के संदर्भ में संगठनात्मक स्तर पर जन आंदोलन की रुपरेखा तय की गई है। भाजपा प्रवक्ता धनेश शर्मा ने बताया कि भाजपा द्वारा पूर्व में जन-आक्रोश रैली धरना-प्रदर्शन के माध्यम से पेयजल समस्या को लेकर प्रशासन को दिए गए अल्टीमेटम के 10 दिन गुजरने के बाद भी पेयजल समस्या के समाधान के लिए प्रशासन की ओर से अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इसके चलते शहर की जनता त्राही-त्राही कर रही है। ऐसे में संगठन स्तर पर यह तय किया कि गंगापुरसिटी क्षेत्र को 13 सेक्टर में बांट कर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर के नेतृत्व में प्रत्येक सेक्टर पर बैठक कर पेयजल समस्या के समाधान के लिए जनजागरण अभियान चलाकर जनता को जागरूक कर बड़ा आंदोलन खड़ा करेंगे। इसके लिए शहर में 13 सेक्टर चिन्हित कर लिए गए है और पार्टी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी बांट कर जन-जागरण अभियान को सफल बनाने की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।

READ MORE: रेलकर्मियों के आवेदनों पर रेल प्रशासन नहीं गंभीर, रेलकर्मी जागरुकता अभियान

पार्टी द्वारा जन- जागरण अभियान 8 अक्टूबर से शहर में आरंभ किया जाएगा। इस सम्बन्ध में भाजपा शहर मंडल की बैठक 6 अक्टूबर को शाम 6 बजे मंडल अध्यक्ष गिरधारी सोनी की अध्यक्षता में पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर के आवास पर आयोजित होगी। बैठक में भारतीय जनता पार्टी के वर्तमान व पूर्व जनप्रतिनिधियों, जिला, मंडल व विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।