बापू जयन्ती पर गांधी पार्क गुलाब बाग में कार्यक्रम आयोजित होगा

सवाई माधोपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयन्ती, 2 अक्टूबर को अनुसूचित जातियों का कल्याण दिवस कार्यक्रम होगा। इसके साथ ही 1 माह तक रक्तदान कैम्प समेत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनकी तैयारियों के लिये जिला कलेक्टर नन्नूमल पहाडिया ने गुरूवार को सभी एसडीएम, विभागीय अधिकारियों की कलेक्ट्रेट में बैठक ली तथा विभागवार जिम्मेदारी सौंपी।
 जिला कलेक्टर ने बताया कि शुक्रवार सुबह साढ़े 8 बजे गांधी पार्क गुलाब बाग सीमेन्ट फैक्ट्री में महात्मा गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण, सर्व धर्म प्रार्थना का कार्यक्रम होगा। सुबह 11 बजे उप स्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्सा जांच कार्यक्रम होगा। सरकारी कार्यालयों में सभी अधिकारी कर्मचारी श्रमदान कर अपने कार्यालयों में सफाई का कार्य भी करेंगे।
इसी तरह 3 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे जिला कारागृह सवाई माधोपुर में अपराधी सुधार दिवस मनाया जायेगा। 4 अक्टूबर को सुबह 11 बजे राजकीय सम्प्रेषण एवं किशोर गृह, त्रिनेत्र बालगृह आलनपुर में बाल दिवस का आयोजन होगा। 5 अक्टूबर को सुबह 11 बजे बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय सवाई माधोपुर में महिला कल्याण दिवस मनाया जायेगा। इसी प्रकार 6 अक्टूबर को सुबह 11 बजे राजकीय स्वच्छकार छात्रावास खैरदा में जन चेतना दिवस का आयोजन होगा तथा 7 अक्टूबर को सुबह 10 बजे जिला कार्यालय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सवाई माधोपुर में विशेष योग्यजन कल्याण दिवस एवं समाज कल्याण सप्ताह का समापन होगा।