साल 2019 का आखरी सूर्य ग्रहण 26 को

25 को शाम सवा आठ बजे लगेगा सूतक

गंगापुर सिटी। साल का आखरी सूर्य ग्रहण गुरुवार को पड़ेगा। यह सूर्य ग्रहण वैज्ञानिक दृष्टि से एक वलयाकार सूर्य ग्रहण होगा। वलयाकार से मतलब यह कि ग्रहण के दौरान सूर्य आग से भरी एक अंगूठी की तरह नजर आएगा।
पंडित वीरू पुजारी ने बताया कि इस ग्रहण का सूतक 25 दिसम्बर को रात 8 बजकर 12 मिनट से प्रारम्भ होगा। सूतक काल में बालक, वृद्ध व रोगियों को छोड़कर धार्मिक जनों को भोजनादि नहीं करने के निर्देश शास्त्रों में दिए गए हैं। सूर्य ग्रहण में 12 घंटे पहले से ही सूतक लग जाता है।
खण्डग्रास के रूप में दिखाई देगा ग्रहण
गुरुवार को पडने वाला सूर्य ग्रहण पूरे भारत में खण्डग्रास के रूप में दिखाई देगा। भारत में ग्रहण काल 2 घंटे 52 मिनट का रहेगा। सुबह 8.04 से ग्रहण आरम्भ होकर 9.30 बजे मध्यकाल एवं सुबह 10.58 बजे पूर्ण ग्रहण होकर खत्म हो जाएगा। इस दौरान मंदिरो के कपाट 26 दिसम्बर को 11 बजे खुलेंगेे। सवाईमाधोपुर जिले में सूर्य ग्रहण की अवधि 2 घंटे 42 मिनट तक रहेगी। यह ग्रहण मूल नक्षत्र व धनु राशि में होने से इस नक्षत्र व राशि में जन्म लेने वालों के लिए हानिप्रद होगा। सभी 12 राशियों पर ग्रहण का प्रभाव इस प्रकार रहेगा। मेष राशि गुप्त चिंता, वृष राशि दुर्घटना भय, मिथुन राशि स्त्री/पति कष्ट, कर्क राशि कार्य सिद्धि, सिंह राशि चिंता पीडा, कन्या रोग भय, तुला अर्थिक लाभ, वृश्चिक व्यय वृद्धि, धनु शरीर कष्ट, मकर धन हानि, कुंभ उन्नति लाभ, मीन राशि वाले को सुख समृद्धि का लाभ मिलेगा।
पंडित वीरू पुजारी ने बताया कि सूर्य के अशुभ प्रभाव को खत्म करने के लिए भगवान विष्णु का स्त्रोत्र सहस्ननाम का पाठ अधिक फलदायी है। पीडित सूर्य को प्रबल करने के लिए प्रात: सूर्य गुड मिलाकर जल अर्पित करें और सूर्य हृदय आदित्य स्तोत्र का पाठ करना फलदायी है। इस दिन गुरु मंत्र का ज्यादा से ज्यादा जाप करना चाहिए। ग्रहण से पहले खाने-पीने की चीजों में तुलसी के पत्ते एवं डाव डालनी चाहिए, जिससे खाने पर ग्रहण की नकारात्मक किरणों का असर नहीं होता है। गर्भवती महिलाओं को ग्रहण के दौरान दूरी बनाये रखना चाहिए एवं घर पर ही मंत्र जाप करते रहना चाहिए।