अग्र महाकुंभ में अधिकाधिक संख्या में भाग लेंगी महिला

-अग्रवाल महिला मंडल ने मनाया लहरिया महोत्सव

जिला अग्रवाल महिला संगठन और गंगापुरसिटी तहसील महिला मंडल के तत्वधान में लहरिया महोत्सव का आयोजन किया गया। शिमला गुप्ता, मधु अग्रवाल, ममता मंगलम, पायल गुप्ता व सीता सिंघल के संयोजन में हिंगोट्या रोड स्थित अग्रवाल बालिका सीनियर विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित हुआ।

महामंत्री रेनू आर्य और शकुंतला गुप्ता ने बताया कि इस दौरान अतिथि के रूप में अग्र महाकुंभ संयोजक व जिला महामंत्री गोविन्द बरनाला व सहसंयोजक महेन्द्र गर्ग ने महिलाओं को जयपुर में 23 जुलाई को अग्र महाकुंभ आयोजित होने की जानकारी दी। साथ ही कहा कि सभी महिला पदाधिकारी घर-घर जाकर महिलाओं को अग्र महाकुंभ में शामिल होने के लिए जागरूक करें। इस पर महिलाओं ने घर-घर चावल बांट कर महिलाओं को आमंत्रित करने और अधिक से अधिक संख्या में महिलाओं को अग्र महाकुंभ में ले जाने का आश्वासन दिया। साथ ही बताया कि सभी महिलाएं पिंक रंग की साड़ी पहनकर अग्र महाकुंभ में शामिल होंगी। कार्यक्रम की अध्यक्ष रेखा गर्ग ने की। संरक्षक सरोज गर्ग ने बताया सावन के चलते हुए महिला संगठन की ओर से लहरिया महोत्सव धूमधाम से मनाया गया तथा महिलाओं ने संगीत की नृत्य किया। साथ ही साजन और सावन से संबंधित प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई। इस अवसर पर तहसील अध्यक्ष रीना मित्तल, अग्रवाल महिला सेवा समिति अध्यक्ष संजना मित्तल, अग्रवाल महिला मंडल मिर्जापुर अध्यक्ष रजनी सिंघल, जिला कोषाध्यक्ष मंजू मंगलम, संरक्षक सरोज गर्ग आदि मौजूद थे।