पॉलीथीन मुक्त हो शहर, जागरूकता के लिए अभियान: कलेक्टर

पॉलीथीन मुक्त शहर अभियान के तहत कपडे के थैले का वितरण करते कलेक्टर। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि।

पॉलीथीन केरीबेग के स्थान पर करें कपडे के थैलों का उपयोग नगर के प्रत्येक घर में पहुंचाए कपडे के थैले
सवाई माधोपुर।
पॉलीथीन मुक्त शहर हो, लोग पॉलीथीन केरीबेग के स्थान पर कपडे के थैलों का उपयोग करें। इसके लिए सभी मिलकर लोगों में जागरूकता पैदा करें। जिससे यह छोटी सी शुरूआत एक अभियान बन जाएं। यह बात जिला कलेक्टर डॉ. एस.पी.सिंह ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय 72 सीढी के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों एवं विद्यालयी बालकों से कही।
जिला कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि नगर परिषद एवं लायन्स क्लब के तत्वावधान में सवाई माधोपुर नगर के प्रत्येक घर में कपडे के थैले पहुंचाने के लिए अभियान चलाया गया है। इस अभियान के तहत नगर में शुक्रवार को प्रत्येक वार्ड के लिए टीम गठित कर घर-घर तक कपडे के केरीबेग पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। जिला कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि यह एक अभिनव पहल है। इस पहल को अभियान के रूप में लेते हुए प्रत्येक व्यक्ति को पॉलीथीन केरीबेग्स से होने वाले नुकसान के बारे में अवगत कराते हुए कपडे के केरीबेग का उपयोग करे, इसके लिए जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि यह कार्य पॉलीथीन मुक्त सवाई माधोपुर बनाने की दिशा में बडा कदम है। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने कहा कि प्लास्टिक के उपयोग एवं पॉलीथीन केरीबेग से न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। साथ ही लोगों को बीमारी होने के साथ-साथ पशुओं के लिए भी हानिकारक है। ऐसे में सभी संकल्पित होकर इस अभियान से जुडे।
इस मौके पर जिला कलेक्टर डॉ. सिंह, पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी, नगर परिषद सभापति गीता सैनी, नगर परिषद आयुक्त रविन्द्र यादव, सीडीईओ रामकेश, प्रधानाचार्य नीरज कुमार भास्कर, लायन्स क्लब के पदाधिकारियों ने नगर परिषद एवं लायन्स क्लब की ओर से बनवाए गए कपडे के थैलों को वितरण किया।
कलेक्टर ने मोहल्लों में पहुंचकर सौंपे कपडे के थैले:- कार्यक्रम की शुरूआत के बाद जिला कलेक्टर डॉ. सिंह ने शहर सवाई माधोपुर के सोरती बाजार में घर-घर पहुंचकर लोगों को कपडे के थैले सोंपे तथा पॉलीथीन केरीबेग का उपयोग नहीं करने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर लोगों ने भी कलेक्टर को कपडे के थेले के उपयोग के लिए आश्वस्त किया। कलेक्टर ने शहर के मुख्य बाजार में भी लोगों को इसके लिए प्रेरित किया।