पंजाब के जालंधर से प्रधानमंत्री ने देशभर के 20 राज्यों के 75 अमृत भारत स्टेशनों का किया वर्चुअल लोकार्पण, सांसद, विधायक, मंत्रीगण एवं जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कोटा। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित गंगापुर सिटी जंक्शन रेलवे स्टेशन आज माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पंजाब के जालंधर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 20 राज्यों में स्थित 75 अमृत भारत स्टेशनों के साथ राष्ट्र को लोकार्पित किया गया। लगभग 1,570 करोड़ रुपये की लागत से विकसित ये स्टेशन विश्व के सबसे बड़े स्टेशन पुनर्विकास कार्यक्रमों में शामिल हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर स्टेशन परिसर में आयोजित भव्य समारोह में क्षेत्र के नागरिकों, यात्रियों एवं विद्यार्थियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। उल्लेखनीय है कि राजस्थान राज्य के 5 एवं पश्चिम मध्य रेलवे के 6 स्टेशनों में कोटा मंडल का गंगापुर सिटी जंक्शन भी इस लोकार्पण समारोह में सम्मिलित रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थिति दर्ज कराते हुए सहकारिता मंत्री (प्रभारी सवाई माधोपुर) राजस्थान सरकार गौतम कुमार दक, सांसद टोंक-सवाई माधोपुर हरीश चंद्र मीणा, विधायक गंगापुर सिटी रामकेश मीणा ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई।

समारोह की शुरुआत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम से हुई, जिसमें कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। इसके बाद स्थानीय विद्यालयों के निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं “गंगापुर जंक्शन-सेल्फी का टशन” सेल्फी प्रतियोगिता के विजेताओं को गणमान्य अतिथियों द्वारा मंच पर पुरस्कृत किया गया।
पुरस्कार तत्पश्चात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 अमृत भारत स्टेशनों का एक साथ लोकार्पण किया गया, जिसे स्टेशन परिसर में उपस्थित जनसमूह ने बड़े उत्साह के साथ लाइव प्रसारण के माध्यम से देखा।
मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पुनर्विकसित गंगापुर सिटी जंक्शन स्टेशन यात्रियों को पहले से कहीं अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक एवं आधुनिक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराएगा तथा क्षेत्रीय विकास, पर्यटन, व्यापार एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्रदान करेगा। उन्होंने इसे कोटा मंडल के लिए एक ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई दी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसम्पर्क अधिकारी सौरभ जैन ने बताया कि गंगापुर सिटी स्टेशन का पुनर्विकास अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण किया गया है। उन्होंने बताया कि स्टेशन पर लगभग 555 वर्गमीटर क्षेत्र में भवन का विस्तार एवं नवीनीकरण, 3 नए वातानुकूलित प्रतीक्षालय, 4 आधुनिक शौचालय ब्लॉक, लगभग 10,000 वर्गमीटर में विकसित सर्कुलेटिंग एरिया, लिफ्ट-एस्केलेटर सहित 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज, लगभग 960 वर्गमीटर में नए प्लेटफॉर्म शेल्टर तथा लगभग 12,000 वर्गमीटर क्षेत्र में प्लेटफॉर्म सरफेसिंग का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। स्टेशन को रैंप, टैक्टाइल पाथ, दिव्यांग अनुकूल शौचालय, व्हीलचेयर एवं सुगम पहुंच मार्ग सहित पूर्णतः दिव्यांगजन अनुकूल बनाया गया है।

उन्होंने आगे बताया कि स्टेशन पर डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, कोच पोजिशन डिस्प्ले बोर्ड एवं अत्याधुनिक पब्लिक एड्रेस सिस्टम स्थापित किए गए हैं, जिससे यात्रियों को त्वरित एवं सटीक जानकारी उपलब्ध होगी। साथ ही ऊर्जा दक्ष एलईडी प्रकाश व्यवस्था स्थापित कर स्टेशन परिसर को सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाया गया है। उन्होंने बताया कि पश्चिम मध्य रेलवे स्तर पर गंगापुर सिटी जंक्शन सहित कुल 6 स्टेशनों के पुनर्विकास पर 133 करोड़ रुपये से अधिक की लागत व्यय की गई है।
रेलवे प्रशासन की ओर से मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा, अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेश कुमार मित्तल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी समारोह में उपस्थित रहे।
