दिग्गज उद्योगपति राहुल बजाज का 83 साल की उम्र में निधन: राजकीय सम्मान के साथ आज किया जाएगा अंतिम संस्कार, लंबे वक्त से कैंसर से लड़ रहे थे

दिग्गज कारोबारी और लंबे समय तक बजाज ऑटो के चेयरमैन रहे राहुल बजाज का निधन शनिवार को पुणे में हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और कैंसर से पीड़ित थे। वे 84 साल के थे। राहुल बजाज ने ही बजाज चेतक स्कूटर लांच किया था जिसके लिए एक समय 10 साल तक लंबी वेटिंग होती थी। 

राहुल बजाज का जन्म 10 जून 1938 को कोलकाता में हुआ था। उनके पिता कमलनयन बजाज भी बड़े व्यापारी थे और वे इंदिरा गांधी के नजदीकी लोगों में थे। राहुल बजाज ने अपनी पढ़ाई दिल्ली के सेंट स्टीफेंस कॉलेज से की। इसके बाद उन्होंने मुंबई से कानून की डिग्री भी हासिल की थी।

राहुल बजाज ने 1965 में बजाज समूह की कमान संभाली थी। उन्होंने कंपनी का नेतृत्व करते हुए बजाज चेतक नाम का स्कूटर बनाया। राहुल बजाज 1972 से ही कंपनी के गैर-कार्यकारी चेयरमैन का कार्यभार देख रहे थे। राहुल बजाज के नेतृत्व में बजाज ऑटो का कारोबार 7.2 करोड़ रुपये से 12,000 करोड़ तक पहुंचा। लेकिन बीते साल राहुल बजाज ने बजाज ऑटो के चेयरमैन का पद छोड़ दिया था। अपनी बढ़ती उम्र को देखते हुए उन्होंने कंपनी के गैर-कार्यकारी चेयरमैन के पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके बाद नीरज बजाज को नया चेयरमैन बनाया गया।

READ MORE: गंगापुर सिटी में बनेगा कुशालगढ़ के श्याम का भव्य मंदिर

राहुल बजाज के नेतृत्व में बजाज समूह ने 1972 में बजाज चेतक स्कूटर लांच किया था। महान योद्धा महाराणा प्रताप के प्रसिद्ध घोड़े के नाम पर इसे चेतक नाम दिया गया था। बाजार में आते ही यह स्कूटर लोगों के दिलों दिमाग पर छा गया। जिसकी वजह से एक समय इसकी वेटिंग 10 साल तक पहुंच गई। इसकी बिक्री 2006 तक की गई थी।

राहुल बजाज अपने तेवरों के लिए भी जाने जाते थे। एक बार उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह के सामने सरकार के बारे में तीखी आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि इस वक्त देश में लोगों के बीच खौफ का माहौल है। लोगों को ये विश्वास नहीं है कि उनकी आलोचना को सरकार में किस तरह लिया जाएगा। राहुल बजाज को 2001 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था।

राहुल बजाज के निधन पर कई नामचीन व्यक्तियों ने ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए लिखा कि देश के मशहूर उद्योगपति राहुल बजाज के निधन की बेहद दुखद खबर मिली। आर्थिक मोर्चे पर देश की प्रगति में उनका बड़ा योगदान रहा। ‘बुलंद भारत की बुलंद आवाज़’ हर घर का हिस्सा बनी। ऐसी महान शख्सियत को मेरी भावपूर्ण श्रद्धांजलि। वहीं उद्योगपति किरण मजूमदार शॉ ने राहुल बजाज के निधन पर शोक जताते हुए लिखा कि ये बेहद दुखद समाचार है। वो मेरे करीबी मित्र थे और मैं उनकी कमी बहुत महसूस करूंगी। देश ने अपने एक महान सपूत और राष्ट्र निर्माता को खो दिया है।  

पद्म भूषण और फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक जैसे सम्मान मिले

2001 में राहुल बजाज को राष्ट्रपति के आर नारायण ने पद्म भूषण अवॉर्ड का सम्मान दिया था।

2001 में उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। ‘नाइट ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर’ नामक फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से भी नवाजा गया है। वे 2006 से 2010 के बीच राज्यसभा के सदस्य भी रह चुके थे।

1979-80 और 1999-2000 में दो बार राहुल बजाज भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) के अध्यक्ष चुने गए । भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति, प्रणब मुखर्जी ने उन्हें 2017 में लाइफटाइम अचीवमेंट के लिए सीआईआई राष्ट्रपति पुरस्कार प्रदान किया।