कलेक्टर ने किया विवेकानंद मॉडल स्कूल एवं महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल का औचक निरीक्षण

स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल में निरीक्षण करते कलेक्टर।

बालकों से संवाद कर जानी शिक्षण की गुणवत्ता, कोविड-19 के प्रोटोकॉल की पालना के दिए निर्देश

सवाई माधोपुर। जिला कलेक्टर राजेन्द्र किशन ने शनिवार को महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम) साहूनगर तथा स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल सूरवाल का औचक निरीक्षण कर बालकों से संवाद किया तथा शिक्षण की गुणवत्ता एवं शैक्षिक स्तर की जांच की।  
कलेक्टर सुबह सवा ग्यारह बजे महात्मा गांधी स्कूल साहूनगर पहुंचे। यहां उन्होंने अंग्रेजी माध्यम शिक्षण की जांच की। कक्षा 9 के बालकों से संवाद करते हुए कलेक्टर ने कोरोना काल में विद्यालयों में शिक्षण नहीं होने पर उन्हें ऑनलाइन दिए जा रहे होमवर्क एवं शिक्षण की जांच की। कलेक्टर ने बालकों से सवाल जवाब भी किए। बालकों के शिक्षण का स्तर जाना तथा कक्षा 9 में विज्ञान  शिक्षक द्वारा करवाए जा रहे शिक्षण कार्य का अवलोकन किया।
विद्यालय में पहुंचते ही कलेक्टर को दो प्रयोगशाला सहायक अपने कक्ष के बजाय मैदान में धूप खाते मिले, इस पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी जताई तथा दोनों कार्मिकों को सुधार के निर्देश दिए।

बालकों में बालक हो गए कलेक्टर

साहूनगर स्कूल की कक्षा में 9 का निरीक्षण के दौरान कलेक्टर खुद भी बालकों के साथ बालक हो गए तथा अपने बचपन को याद किया। उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर विज्ञान शिक्षक द्वारा पढाए जा रहे पाढ को देखा। कलेक्टर ने कक्षा 12 के बालकों के साथ भी सवाल जवाब किए। उन्होंने गृह कार्य जांच, ऑन लाइन शिक्षण में आई परेशानियों/सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अंग्रेजी माध्यम विद्यालय शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की अंग्रेजी बोलने में आ रही झिझक को दूर करने के लिए विशेष अभ्यास करने के निर्देश दिए।

शिक्षकों से किया संवाद

कलेक्टर ने साहूनगर स्कूल में अंग्रेजी माध्यम से शिक्षण करवाने वाले शिक्षकों से भी संवाद किया। उन्होंने शिक्षकों को अंग्रेजी माध्यम से पढाने में आ रही परेशानियों, झिझक आदि के बारे में सवाल जवाब किया। शिक्षकों को अपनी झिझक दूर करने के लिए अंग्रेजी अखबार पढने तथा इंग्लिश में क्विज आदि करवाने के निर्देश दिए।

स्वामी विवेकानंद स्कूल में जांची शिक्षण गुणवत्ता

कलेक्टर दोपहर 12 बजे स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल पहुंचे। यहां विद्यालय के बालकों से कोविड प्रोटोकॉल की पालना तथा बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में पूछा। उन्होंने बालकों से संवाद करते विद्यालयों के शिक्षण स्तर की जानकारी ली। विद्यार्थियों के गृह कार्य की जांच भी कलेक्टर ने की। विद्यालय के शिक्षकों से संवाद करते हुए विद्यालय में अंग्रेजी माध्यम से शिक्षण के लिए विशेष सुधार के प्रयास करने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से कोविड प्रोटोकॉल की पालना करने, पानी की बॉटल, लंच आदि शेयर नहीं करने के निर्देश दिए। शिक्षकों से भी सवाल जवाब किए।

कलेक्टर से संवाद कर विद्यार्थी हुए प्रसन्न

महात्मा गांधी स्कूल सूरवाल एवं स्वामी विवेकानंद स्कूल में विद्यार्थियों को जब पता लगा कि निरीक्षण कर उनसे संवाद करने वाले जिला कलेक्टर है तो विद्यार्थी बडे प्रसन्न हुए। विद्यार्थियों ने कलेक्टर को शिक्षण, होमवर्क जांच आदि के संबंध में बताया। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान विद्यालय में स्वच्छता, पौधरोपण के संबंध में निर्देश दिए।

खबरों से अपडेट रहने के लिए BADHTI KALAM APP DOWNLOAD LINK: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.badhtikalam.badhtikalam&hl=en&gl=US