श्री कृष्ण के जयकारों से गूंज उठा पांडाल कृष्ण जन्मोत्सव में झूम उठे श्रद्धालु

गंगापुर सिटी। नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की, महाराजा कृष्ण की जय, जसोदा ने जायो ललना…, निक धीरे झोटा दीजो… जैसे कृष्ण के जयकारों से चारों तरफ गुंजायमान पांडाल साक्षात कृष्णमय हो गया।
श्री राम कथा सेवा समिति के तत्वावधान में जारी श्रीमद् भागवत कथा के चतुर्थ दिन कृष्ण के जन्मोत्सव के मौके पर कथा व्यास डॉक्टर संतोष दास महाराज की ओजस्वी वाणी में चतुर्थ दिवस की कथा का व्याख्यान किया गया।

महाराज ने बताया कि जब जब धर्म पर विपदा आती है तो उस विपदा को दूर करने के लिए तब तब भगवान का अवतार होता है। इसके बाद वामन अवतार प्रसंग में बताया कि हमारे पास जो है वह सबकुछ भगवान का ही है। भगवान की वस्तुओं को भगवान को समर्पित कर जीवन मुक्ति को प्राप्त कर सकता है। कथा में आज योगीराज कृष्ण का जन्मोत्सव उत्साह और उमंग के साथ मनाया। कथा महाराज द्वारा नंद बाबा के घर पर उत्सव के माहौल का सुंदर वर्णन करने के साथ आयोजन स्थल का पूरा माहौल भी नंदोत्सव के रंग में पूरी तरह से रंग दिया गया। आज कथा के बीच सवाई माधोपुर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा पधारे।

भागवत कथा मुख्य संयोजक सीएल सैनी ने बताया कि करीब छह हजार श्रद्धालुओं ने नंद के आनंद भयो, जय कन्हैयालाल और हाथी घोडा पालकी जय कन्हैयालाल के उद्घोष के साथ समूचा आयोजन परिसर गूंज उठा। भक्तों ने भजनों की धुनों पर मगन होकर थिरकते हुए श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का आनंद लिया। श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव का आनंद मनाते हुए भक्तों के बीच खूब मिठाई, टॉफीयां और एक-दूसरे को बधाई दी। सोमवार को कथा में भगवान की बाल लीलाएं, गोवर्धन पूजा के साथ छप्पन भोग का प्रसाद लगेगा। मंगलवार को रुकमणी मंगल महोत्सव शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई किरण पैलेस पहुंचेगी।

कथा से पहले सुबह के समय मुख्य यजमान के साथ सभापति शिवरतन अग्रवाल, भगवान सहाय बैराड़ा, दामोदर एडवोकेट, विजय ठाकुरिया, बाबूलाल कुनकटा, राम अवतार सीए, राधामोहन गोयल, सूरज गर्ग, पप्पू मुंशी, सुनील जैन, ओमप्रकाश नादौती, वैद्य रमेश चंद्र, बृजमोहन टेंट हाउस ने हवन-पूजन किया एवं कथा के बाद सामूहिक आरती कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
धूमधाम के साथ निकलेगी रुकमणी मंगल महोत्सव यात्रा
श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव के दौरान मंगलवार को रुकमणी विवाह प्रसंग के शुभ अवसर पर समिति द्वारा रुकमणी मंगल महोत्सव शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। बैंड बाजे, डीजे, घोड़ी, लवाजमें के साथ यह शोभायात्रा पुरानी अनाज मंडी से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य बाजारों से होती हुई किरण पैलेस पहुंचेगी। शोभा यात्रा की तैयारियां पूरी हो चुकी है। शोभायात्रा में विभिन्न प्रकार की झांकियों की व्यवस्था की गई है।