रेलवे के प्राइवेटाइजेशन के विरोध में कल होगा ‘रेल बचाओ-देश बचाओ’ आंदोलन

AIRF / WCREU ने किया है आह्वान
गंगापुर सिटी।
अंग्रेजों भारत छोड़ो का नारा देने वाले 9 अगस्त क्रांति दिवस के दिन रेल कर्मचारी केंद्र सरकार द्वारा रेलवे का प्राइवेटाइजेशन किए जाने के विरोध में रेल बचाओ देश बचाओ आंदोलन के तहत रेलवे स्टेशन के समक्ष विशाल विरोध प्रदर्शन करेंगे।
यूनियन के मंडल उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन ने बताया कि ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के आह्वान पर पूरे देश में 9 अगस्त क्रांति दिवस के दिन रेलवे के निगमीकरण, निजीकरण किए जाने के विरोध में रेल कर्मचारियों द्वारा अखिल भारतीय स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
मंडल उपाध्यक्ष जैन ने बताया कि पश्चिम मध्य रेलवे की कोटा भोपाल और एवं जबलपुर मंडल में यूनियन के महामंत्री कामरेड मुकेश गालव की अगुवाई में 70 शाखाओं मुख्यालय के स्टेशनों पर यूनियन कार्यकर्ता सरकार की नीतियों के विरोध में विरोध प्रदर्शन करेंगे।
आज गंगापुर सिटी में भी स्थानीय लोको, कैरीज, यातायात व इंजीनियरिंग शाखा के पदाधिकारियों की बैठक यूनियन कार्यालय में मंडल अध्यक्ष लोकेंद्र मीणा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिसमें सर्वसम्मति से 9 अगस्त को सुबह 9 बजे रेलवे स्टेशन प्रांगण में विशाल विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यूनियन के मंडल अध्यक्ष लोकेंद्र मीणा एवं मंडल उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन ने कहा कि अब समय आ गया है कि भारतीय रेल को बचाने के लिए रेल कर्मचारियों के साथ-साथ आम जनता को भी आंदोलन से जुडऩा पड़ेगा, क्योंकि रेलवे के निजीकरण से रेल कर्मचारी तो बाद में प्रभावित होंगे, सबसे पहले निजीकरण का प्रभाव आम जनता, विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों आदि पर पड़ेगा। उनको मिलने वाली यात्रा टिकट में सब्सिडी बंद हो जाएगी। माल ढुलाई के भाड़े पर भी अंकुश नहीं रहेगा। यात्री भाड़े के साथ-साथ मालभाड़ा निजी कंपनियां मनमाने तरीके से वसूलेंगी, जिसका परिणाम आम जनता को ही भुगतना होगा। आम जनता को भी अब रेल को बचाने के लिए आगे आना ही होगा।
यूनियन के सचिव राजेश चाहर, मंडल सह सचिव श्रीप्रकाश शर्मा, शाखा के अध्यक्ष गजानंद शर्मा, इंजीनियरिंग शाखा के उपाध्यक्ष विनोद कुमार, कृपाल सिंह मीणा, राकेश मीणा, कुबेर सिंह मीणा, मनोज कुमार, मनमोहन शर्मा, मदन मोहन शर्मा, देवी सिंह मीणा, हरिमोहन मीणा, बिलंदर राम, इमरान खान, आदिल खान, वीरेंद्र मीणा, ऋषिपाल सिंह, बलदेव सिंह, यातायात शाखा के कार्यकारी अध्यक्ष आर. पी. मंगल, रघुराज सिंह, रामनिवास मीणा सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।