वेसेरे मजदूर संघ: पदाधिकारियों ने आंदोलन के लिए रेल कर्मचारियों से किया सम्पर्क

गंगापुरसिटी। नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवे मेंस के आह्वान पर पर मनाए जा रहे विरोध सप्ताह के तहत वेस्ट सेन्ट्रल मजदूर संघ पदाधिकारियों ने शनिवार को सेक्शन में जाकर रेल कर्मचारियों से आंदोलन के लिए सम्पर्क किया। शाखा सचिव बलराम गुर्जर एवं संघ पदाधिकारी लोकेश शर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने सेक्शन में रेल कर्मचारियों से निजीकरण व निगमीकरण के विरोध में आंदोलन का आह्वान किया। साथ ही कहा कि रेल कर्मचारियों को जो भी सुविधाएं मिल रही है, उनके पीछे मजदूर संघ का लम्बा संघर्ष है। हमने पहले भी रेलवे को बचाया है और आगे भी बचाएंगे। सरकार रेल को बेचना चाहती है, लेकिन सभी साथियों को अपनी ताकत दिखाई तो सरकार को झुकना पड़ा। उन्होंने रेल कर्मचारियों की एकता पर जोर देते हुए कहा कि आज युवाओ और रेल कर्मचारियों को को संगठित होने की जरूरत है। साथ ही रेलकर्मियों की अन्य मांगों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि मजदूर संघ का निजीकरण और मुद्रीकरण के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगी। इसके लिए सभी को एकजुट होने की आवश्यकता है। इस मौके पर बड़ी संख्या में रेलकर्मी मौजूद थे।