सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ करेंगे संघर्ष

गंगापुर सिटी। केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ अब संगठित और असंगठित क्षेत्र के मजदूरों व कर्मचारियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के आह्वान पर वेस्ट सेंट्रल रेलवे एंप्लाइज यूनियन कार्यालय में यूनियन की स्थानीय शाखाओं हिंद मजदूर सभा से जुड़े हुए संगठन राजस्थान पल्लेदार मजदूर यूनियन, राजस्थान विद्युत कामगार यूनियन, आजाद हिंद बिल्डिंग वर्कर्स यूनियन, हिंद मजदूर सभा, युवा शाखा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की मीटिंग आयोजित की गई।
पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए वेस्ट सेंट्रल रेलवे एंप्लाइज यूनियन के मंडल उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन मंडल सह सचिव श्रीप्रकाश शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार रेलवे में रेल स्टेशनों एवं गाडिय़ों को बेचने में लगी है। रेलवे में विकास के नाम पर निजीकरण को थोपा जा रहा है। उद्योगपतियों की सह पर श्रम कानूनों में सुधार के नाम पर अनावश्यक संशोधन किए जा रहे हैं और सोची-समझी साजिश के तहत मजदूर आंदोलन को कमजोर किया जा रहा है, जिससे मजदूर अपने शोषण के खिलाफ संघर्ष नहीं कर सके, लड़ नहीं सके, आंदोलन नहीं कर सके। ऐसे मजदूर विरोधी हालात देश में बनाए जा रहे हैं। राष्ट्रवाद की दुहाई देकर केंद्र सरकार सबका मुंह बंद करना चाहती है।
जैन ने कहा कि ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के आह्वान पर पूरे देश में आंदोलन किया जा रहा है। 7 जनवरी तक रेलवे के तमाम स्टेशनों पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। ८ जनवरी को पूरे देश में सभी केंद्रीय श्रमिक संगठनों के संयुक्त आह्वान पर आम हड़ताल करने की तैयारी की जा रही है। गंगापुर सिटी में भी 8 जनवरी को सभी असंगठित क्षेत्र की हड़ताल का आह्वान करने वाली है। जैन ने कहा कि सभी लोग एकजुट होकर लाल झंडे के साथ अपनी एकता का परिचय दें। इस अवसर पर राजस्थान पल्लेदार मजदूर यूनियन के अध्यक्ष जौहरी लाल गुर्जर, उपाध्यक्ष शहजाद खान, आजाद हिंद बिल्डिंग वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आमिर हसन, सच्ची बाबूद्दीन, विद्युत कामगार यूनियन के सीताराम शर्मा, यशवंत सिंह सभा के प्रदेश संगठन सचिव रहमतुल्लाह, लियाकत अली, वेस्ट सेंट्रल रेलवे एंप्लाइज यूनियन के गजानंद शर्मा, सुधींद्र मिल्की, चंद्रशेखर शर्मा, अब्दुल कासिम, हरिमोहन गुर्जर, मनोज वर्मा, शरीफ खान सहित दर्जनों पदाधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।